Kolkata-Mumbai Air India FlightKolkata-Mumbai Air India Flight
Share This Article

कोलकाता, 11 नवंबर 2026। Kolkata-Mumbai Air India Flight : कोलकाता से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। विमान के टॉयलेट में धमकी भरा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। घटना के समय विमान में 93 यात्री और 5 क्रू मेंबर सवार थे। सुरक्षा के मद्देनजर विमान को टेकऑफ से पहले ही आइसोलेशन बे में भेज दिया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत विमान की जांच शुरू की। फिलहाल किसी संदिग्ध गतिविधि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

टॉयलेट में मिला हाईजैक की धमकी वाला नोट

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह कोलकाता से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट में टॉयलेट के अंदर एक धमकी भरा नोट मिला। नोट में लिखा था कि सुबह 11:10 बजे विमान को हाईजैक कर लिया जाएगा। धमकी की जानकारी मिलते ही पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया।

विमान को आइसोलेशन बे में भेजा गया

धमकी मिलने के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में शिफ्ट किया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर विमान की जांच शुरू की। यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से घटना को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सुरक्षा एजेंसियां कर रहीं जांच

विमान में धमकी भरा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं। नोट किसने रखा और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही विमान की सुरक्षा जांच और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।

7 नवंबर को इंडिगो की फ्लाइट को भी मिली थी धमकी

हवाई यात्रा के दौरान सुरक्षा संबंधी धमकियों का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 7 नवंबर को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-451 को भी हाईजैक की धमकी मिली थी। विमान के टॉयलेट में धमकी भरा नोट मिलने के बाद क्रू मेंबर्स ने पायलट को इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद विमान को वापस बेंगलुरु लाया गया था।

बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर एहतियातन फुल इमरजेंसी घोषित की गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने विमानन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


Share This Article
Advertisement Carousel