Share This Article रायपुर, 11 नवंबर 2026। Raut Nacha : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दीपावली के बाद एक अनोखा बाजार सजता है, जिसे ‘परियों का बाजार’ कहा जाता है। बूढ़ेश्वर मंदिर चौक से इंडोर स्टेडियम तक लगने वाले इस बाजार में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के लोक कलाकार अपनी टोलियों के साथ पहुंचते हैं। यहां राउत नाचा के लिए कलाकारों की बुकिंग होती है। इस बाजार की सबसे खास पहचान पुरुष कलाकार हैं, जो महिलाओं की वेशभूषा में परी बनकर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करते हैं। बरगद के पेड़ के नीचे जुटते हैं लोक कलाकार दीपावली के बाद बूढ़ेश्वर मंदिर चौक का नजारा पूरी तरह बदल जाता है। बरगद के पेड़ के नीचे ढोल, धापड़ा, मोहरी और गड़वा बाजा की धुन सुनाई देने लगती है। अलग-अलग क्षेत्रों से आए कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं। यादव समाज के लोग अपने गांवों में राउत नाचा के आयोजन के लिए इन टोलियों को बुक करते हैं। यहां कलाकारों की प्रस्तुति देखने के साथ ही उनके मेहनताने और कार्यक्रम की अवधि पर बातचीत होती है। पुरुष कलाकारों का परी रूप है बाजार का आकर्षण इस बाजार की सबसे बड़ी खासियत परी का किरदार निभाने वाले पुरुष कलाकार हैं। ये कलाकार साड़ी, आभूषण और आकर्षक मेकअप के साथ महिला वेशभूषा धारण करते हैं और राउत नाचा की टोली में अपनी प्रस्तुति देते हैं। बलौदाबाजार से पहुंचे टीना यादव और लक्ष्मी जैसे कलाकारों के मुताबिक, परी का किरदार निभाने के लिए अभ्यास और मेहनत की जरूरत होती है। अच्छी बुकिंग मिलने पर परी कलाकारों को रोजाना 1500 से 1800 रुपये तक मेहनताना मिल सकता है। 600 साल पुरानी परंपरा से जुड़ा है बाजार छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के जानकार डॉ. रमेंद्रनाथ मिश्र के अनुसार, रायपुर में गड़वा बाजा की टोलियों के जुटने की परंपरा कल्चुरी राजाओं के समय से चली आ रही है। बताया जाता है कि उस दौर में बूढ़ा तालाब के आसपास कलाकार और वाद्ययंत्र बजाने वाले लोग एकत्र होते थे। समय के साथ यह जमावड़ा पारंपरिक बाजार का रूप लेता गया। आज भी दीपावली के बाद कलाकारों का यहां पहुंचना इस सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहा है। डेढ़ लाख रुपये तक में होती है टोलियों की बुकिंग परियों के बाजार में कलाकारों की सामान्य टोलियां करीब एक लाख दस हजार से एक लाख तीस हजार रुपये तक में बुक होती हैं। वहीं परी कलाकारों वाली टोलियों की मांग अधिक होने पर उनकी बुकिंग डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच जाती है। कुछ गांवों में कलाकारों को तीन से पांच दिनों तक कार्यक्रमों के लिए रखा जाता है। इस दौरान वे घर-घर जाकर दोहे गाते हैं और पारंपरिक वेशभूषा में राउत नाचा प्रस्तुत करते हैं। गांव-गांव में जीवंत होती है राउत नाचा की संस्कृति गौरा-गौरी और गोवर्धन पूजा के बाद यादव समाज के गांवों में राउत नाचा की शुरुआत होती है। कलाकार सिर पर पगड़ी, कमर में पटका, हाथ में लाठी और पैरों में घुंघरू बांधकर नृत्य करते हैं। टोली में परी का किरदार निभाने वाले कलाकार भी शामिल होते हैं। राउत नाचा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण जीवन, पशुधन और यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रायपुर का यह अनोखा बाजार कलाकारों को रोजगार देने के साथ लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम भी कर रहा है। Share This Article Post navigation Sukhdev Bhagat CG Visit : 16-17 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे कांग्रेस प्रभारी, जशपुर से मैनपाट तक करेंगे जन चौपाल Swachh Survekshan 2025-26 : स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में बिलासपुर को देश में दूसरा स्थान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया सम्मानित