Sugarcane Farmers Bonus 2026Sugarcane Farmers Bonus 2026
Share This Article

सूरजपुर, 12 नवंबर 2026। Sugarcane Farmers Bonus 2026 : छत्तीसगढ़ में गन्ना उत्पादक किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। माँ महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, ग्राम केरता से जुड़े 7,250 किसानों के बैंक खातों में राज्य शासन ने 11 करोड़ 34 लाख 64 हजार 265 रुपये की बोनस राशि अंतरित कर दी है। पेराई सीजन 2025-26 के लिए किसानों को 95.95 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बोनस मिला है। लंबे समय से लंबित भुगतान मिलने से किसानों को आगामी खेती की तैयारियों में आर्थिक मदद मिलेगी।

7,250 किसानों को मिला बोनस का लाभ

माँ महामाया सहकारी शक्कर कारखाना केरता में वर्ष 2025-26 के पेराई सीजन के दौरान किसानों से 1,18,253.53 मीट्रिक टन गन्ने की खरीदी की गई थी। इसी आधार पर शासन ने निर्धारित दर से बोनस की गणना कर किसानों के बैंक खातों में राशि भेजी है। कुल भुगतान 11.34 करोड़ रुपये से अधिक है।

कृषक चौपाल में उठी थी भुगतान की मांग

गन्ना किसानों ने कृषि मंत्री रामविचार नेताम की मौजूदगी में आयोजित कृषक चौपाल में लंबित बोनस भुगतान का मुद्दा उठाया था। किसानों ने जल्द राशि जारी करने का आग्रह किया था। इसके बाद बोनस भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई। कारखाना प्रबंधन ने किसानों के परिश्रम और सहयोग के लिए आभार जताया है।

प्रदेश के चार शक्कर कारखानों के किसानों को मिला लाभ

पेराई सीजन 2025-26 के लिए प्रदेश के चार सहकारी शक्कर कारखानों से जुड़े कुल 31,022 किसानों को लगभग 51.09 करोड़ रुपये बोनस देने का प्रावधान किया गया है। इसमें भोरमदेव कारखाना कवर्धा, सरदार पटेल कारखाना पंडरिया, महामाया कारखाना केरता और दंतेश्वरी मैया कारखाना बालोद शामिल हैं।

किसानों को आगामी फसल की तैयारी में मिलेगी मदद

बोनस की राशि मिलने से किसानों को खाद, बीज और कृषि कार्यों से जुड़े खर्चों को पूरा करने में सहायता मिलेगी। इससे गन्ने की खेती को प्रोत्साहन मिलने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।


Share This Article
Advertisement Carousel