Share This Article रायपुर, 13 नवंबर 2026। PM Modi Manila Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 18 नवंबर तक फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, सम्मेलन में भारत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समान सोच रखने वाले देशों के साथ समुद्री सहयोग मजबूत करने पर अपना पक्ष रखेगा। इस वर्ष शिखर सम्मेलन की मेजबानी फिलीपींस कर रहा है। फिलीपींस के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर दौरा विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर मनीला पहुंचेंगे। 16 से 18 नवंबर तक चलने वाले इस दौरे में क्षेत्रीय सहयोग, वैश्विक सुरक्षा और भू-राजनीतिक बदलावों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। एशिया में शांति और स्थिरता बनाए रखने के विषय भी सम्मेलन के प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेंगे। 122 अरब डॉलर का है भारत-आसियान व्यापार आसियान भारत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शामिल है। दोनों के बीच करीब 122 अरब डॉलर का कारोबार होता है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, आसियान के सभी 11 सदस्य देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंध हैं। भारत इस संगठन के साथ अपने जुड़ाव को एक्ट ईस्ट पॉलिसी का महत्वपूर्ण आधार मानता है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सहयोग पर जोर इस सम्मेलन में भारत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समान विचारधारा वाले देशों के साथ समुद्री सहयोग को और मजबूत करने की बात रखेगा। इस वर्ष शिखर सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ रखी गई है। आसियान दक्षिण-पूर्व एशिया के 11 देशों का संगठन है और इसे क्षेत्र के प्रभावशाली समूहों में गिना जाता है। भारत के अलावा अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे देश इसके संवाद साझेदार हैं। भारतीय समुदाय से भी मिल सकते हैं प्रधानमंत्री विदेश मंत्रालय में सचिव (ईस्ट) रुद्रेंद्र टंडन ने बताया कि फिलीपींस में रहने वाले भारतीय समुदाय की ओर से भी प्रधानमंत्री से मुलाकात की मांग है। इसे देखते हुए उनके कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत को शामिल करने की कोशिश की जा रही है। कई वैश्विक नेताओं के भी मनीला पहुंचने की संभावना शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के भी मनीला में मौजूद रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में यह सम्मेलन हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रमुख देशों के बीच संवाद और सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है। Share This Article Post navigation DRI ने चेन्नई बंदरगाह पर लाल चंदन की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया… 7.72 करोड़ रुपये मूल्य का 13 हजार किलोग्राम लाल चंदन जब्त किया; तीन लोग गिरफ्तार कंगना रनौत ने सोनिया गांधी से स्विस खातों को लेकर पूछे सवाल, राहुल गांधी के ‘सेल्फ-गोल टैलेंट’ पर कसा तंज