Share This Article काजीरंगा, 13 नवंबर 2026। Kaziranga Accident : असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर यात्रियों से भरी ट्रैवलर और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर में अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैवलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए। रंगाजन इलाके में ट्रक और ट्रैवलर की भिड़ंत पुलिस के मुताबिक, हादसा रंगाजन इलाके में हाथीकुली चाय बागान के पास हुआ। ट्रैवलर बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहन से यात्रियों और शवों को बाहर निकाला गया। शुरुआत में 7 मौतों की मिली थी जानकारी गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया कि शुरुआती जानकारी में सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी। बाद में पांच और लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर में सवार ज्यादातर यात्री छात्र थे। हालांकि, वाहन में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती हादसे में घायल लोगों को कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। असम सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। ट्रैवलर के नाम पर 12 चालान का रिकॉर्ड हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर के ट्रैफिक चालान का रिकॉर्ड भी सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वाहन के नाम पर पहले 12 चालान दर्ज हुए थे, जिन पर कुल 38,500 रुपये का जुर्माना भरा जा चुका था। इसके अलावा 4,000 रुपये का एक चालान बकाया बताया गया है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मिनी बस तेज रफ्तार से चल रही थी। काजीरंगा नेशनल पार्क के आसपास वाहनों की गति को लेकर नियम लागू हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि तेज रफ्तार के कारण ट्रैवलर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना से पूरा राज्य दुखी है और असम के लोग इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता घायलों को जल्द से जल्द बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। Share This Article Post navigation सलीम अली : पक्षियों की दुनिया को नई पहचान देने वाले ‘भारत के बर्डमैन’ की अनकही दास्तान