Share This Article रायपुर, 13 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / बस्तर फाइटर भर्ती में स्थानीय युवाओं को अधिक अवसर देने की मांग अब आंदोलन का रूप लेती जा रही है। पिछले एक सप्ताह से जारी विरोध प्रदर्शन के बीच शुक्रवार को जगदलपुर के आमागुड़ा में युवाओं ने बस्तरिया राज मोर्चा के बैनर तले चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी बनी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। दरअसल, बस्तर जिले में बस्तर फाइटर भर्ती के तहत कुल 79 पद निर्धारित किए गए हैं। प्रदर्शन कर रहे युवाओं की मांग है कि इन पदों की संख्या बढ़ाई जाए और स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षण का प्रतिशत 40 से बढ़ाकर 75 प्रतिशत किया जाए। युवाओं का कहना है कि बस्तर के स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार के अधिक अवसर मिलने चाहिए। इसके साथ ही उन्हें अन्य जिलों में होने वाली भर्ती प्रक्रिया में भी आवेदन करने की अनुमति दी जाए। प्रदर्शनकारी गोवर्धन बघेल ने कहा कि केवल 79 पद निर्धारित होने से बड़ी संख्या में स्थानीय युवा अवसर से वंचित रह जाएंगे। इस संबंध में कई बार ज्ञापन और रैली के माध्यम से मांग उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है। वहीं, आदिवासी छात्र संगठन के प्रदेश सदस्य मोतीराम कश्यप ने बताया कि प्रशासन की ओर से मांगों पर विचार करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पडऩे पर अलग-अलग स्थानों पर चक्काजाम भी किया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल आकाश ने सरकार के बस्तर के युवाओं को आगे बढ़ाने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं को आश्वासन तो मिल रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। वहीं रितु नाग ने मांग की कि या तो भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए या स्थानीय युवाओं को दूसरे जिलों की भर्ती में शामिल होने का अवसर दिया जाए। इधर, प्रशासन का कहना है कि चक्काजाम के लिए किसी तरह की अनुमति नहीं दी गई थी। बस्तरिया राज मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया है, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा। अब युवाओं को प्रशासन और सरकार के अगले कदम का इंतजार है। तीन दिन की समयसीमा के बाद आंदोलन की आगे की रणनीति क्या होगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। Share This Article Post navigation Janjatiya Gaurav Diwas : आदिवासी अस्मिता, जल-जंगल-जमीन और स्वाभिमान के महान रक्षक थे भगवान बिरसा मुंडा कोरिया में पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान, 67 मामलों में 46,200 रुपये का जुर्माना वसूला