Khargone EarthquakeKhargone Earthquake
Share This Article

खरगोन, 14 नवंबर 2026। Khargone Earthquake : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। जिला मुख्यालय सहित जिले के कई इलाकों में सुबह करीब 9:16 बजे धरती में तेज कंपन महसूस किया गया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई। अचानक जमीन हिलने से लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने घरों की दीवारों और बर्तनों में कंपन महसूस होने की बात कही।

कुछ सेकंड तक महसूस हुआ तेज कंपन

स्थानीय लोगों के अनुसार, भूकंप के दौरान जमीन के अंदर से किसी भारी वाहन के गुजरने जैसा कंपन महसूस हुआ। यह झटका कुछ देर तक बना रहा। कंपन महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकलकर एक-दूसरे से इसकी पुष्टि करने लगे। कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर भी भूकंप से जुड़े संदेश तेजी से वायरल होने लगे।

जेतापुर निवासी जगदीश भावसार ने बताया कि तेज कंपन के कारण दीवारें और बर्तन हिलने लगे थे। वहीं मास्टर कॉलोनी निवासी रोहित भावसार के मुताबिक, उनका पूरा घर थरथराकर हिल गया। जिला मुख्यालय की अलग-अलग कॉलोनियों में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए जाने की पुष्टि की।

कसरावद से झिरनिया तक महसूस हुए झटके

खरगोन जिला मुख्यालय के अलावा आसपास के ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में भी कंपन महसूस किया गया। कसरावद, झिरनिया, चैनपुर, खलबुजुर्ग और गोगांव सहित कई इलाकों के लोगों ने जमीन में कंपन होने की जानकारी दी।

खरगोन एसडीएम सत्येंद्र बैरवा ने बताया कि शनिवार सुबह क्षेत्र के कई स्थानों से भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना मिली है। संबंधित भूकंप मापी केंद्र से जानकारी जुटाई जा रही है।


Share This Article
Advertisement Carousel