Share This Article

उज्जैन, 14 नवंबर 2026। Mahakal Temple Controversy : श्री महाकालेश्वर मंदिर में नियमों की अनदेखी का मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने जिम्मेदार सुरक्षा एजेंसी के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। मंदिर परिसर में प्रतिबंध के बावजूद रील बनाए जाने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समिति ने कोर सिक्योरिटी कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन सुरक्षाकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

विधायक गोलू शुक्ला के बेटे का वीडियो वायरल

मामला शुक्रवार का है, जब इंदौर के विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने मंदिर में दर्शन और लोगों से मुलाकात के दौरान वीडियो रील बनाई। मंदिर परिसर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।

सुरक्षा एजेंसी की जवाबदेही तय

घटना की जांच के दौरान सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही सामने आई। इसके बाद मंदिर प्रबंध समिति ने कोर सिक्योरिटी कंपनी पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही जिम्मेदारी निभाने में चूक करने वाले तीन सुरक्षाकर्मियों को नौकरी से निकाल दिया गया।

महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मंदिर परिसर में फोटो और वीडियो बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी विवादों में आ चुका है नाम

रुद्राक्ष शुक्ला का नाम इससे पहले भी विवादों से जुड़ चुका है। जानकारी के अनुसार, उनके गर्भगृह में बिना अनुमति प्रवेश करने का मामला भी सामने आया था। इसके अलावा देवास की माता टेकरी में पुजारी के साथ विवाद को लेकर भी वह सुर्खियों में रहे थे।

मंदिर प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि महाकाल मंदिर की व्यवस्था, सुरक्षा और धार्मिक मर्यादा से जुड़े नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में सुरक्षा कंपनी पर जुर्माना और तीन कर्मचारियों की बर्खास्तगी के जरिए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।


Share This Article
Advertisement Carousel