Share This Article

 रायपुर, 14 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / सूर्य उपासना और लोक आस्था के सबसे बड़े महापर्व छठ पूजा की आज से औपचारिक शुरुआत हो गई है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन और पवित्र अनुष्ठान का पहला दिन ‘नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ। इस महापर्व को लेकर बंगाल से लेकर देश के कोने-कोने में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। ऐसे में महानगर कोलकाता सहित बंगाल में भी छठ पूजा का श्री गणेश हो चुका है।


छठ महापर्व के पहले दिन यानी शुक्रवार को व्रती महिलाओं ने सुबह पवित्र नदियों या जलाशयों में स्नानकर अपने घरों और आसपास के परिसरों की साफ-सफाई की। आज नहाय-खाय के दिन व्रतियों ने पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ भोजन तैयार किया। आज के दिन भोजन में मुख्य रूप से चावल, चने की दाल और कद्दू (लौकी) की सब्जी बनाई जाती है। इस प्रसाद को ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का यह कठिन व्रत शुरू हो गया है, जिसके बाद वे अब सीधे उगते सूर्य को अघ्र्य देने के बाद ही अन्न-जल ग्रहण करेंगी।


व्रत के दूसरे दिन (शनिवार) से 36 घंटे का निर्जला उपवास आरंभ होगा। लेकिन इससे पहले दूसरे दिन यानी शनिवार को ‘खरना का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती सुबह से ही निर्जला उपवास रखेंगी और दिनभर पूजा-पाठ की तैयारियों में जुटी रहेंगी। शाम को स्नान-ध्यान के बाद भगवान सूर्य की पूजा की जाएगी और प्रसाद के रूप में गुड़ की खीर और रोटी बनाई जाएगी। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। इसके बाद यह प्रसाद परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों में भी वितरित किया जाएगा।


व्रत का पहला अघ्र्य रविवार 15 नवंबर को अस्ताचलगामी (डूबते हुए) सूर्य को दिया जाएगा व चार दिवसीय इस महापर्व के तीसरे दिन 16 नवंबर को उगते सूर्य को दूसरा अघ्र्य दिया जाएगा। इस दौरान विभिन्न घाटों पर भव्य नजारा देखने को मिलता है।


बता दे कि, 16 नवंबर को महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को तड़के सूर्योदय से पहले ही व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंच जाएंगे। उगते सूर्य को दूसरा अघ्र्य अर्पित करने के साथ ही चार दिनों का यह महापर्व संपन्न होगा और व्रती पारण करेंगी।


धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठ का यह कठिन व्रत मुख्य रूप से संतान की सुख-समृद्धि, लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए रखा जाता है। पुराणों में माता कात्यायनी (मां दुर्गा का छठा रूप) को ही छठ माता का स्वरूप माना गया है। बता दे कि, छठ पूजा का पर्व संतान के लिए रखा जाता है। छठ माता को सूर्य भगवान की बहन भी बताया गया। इसलिए लोग सूर्य को अघ्र्य देकर छठ मैया को प्रसन्न करते हैं।


बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अब पश्चिम बंगाल में भी यह पर्व अत्यंत भव्यता के साथ मनाया जाता है, जिसकी धूम देश-विदेश तक फैल चुकी है।


Share This Article
Advertisement Carousel