SpaceX Starship 15th TestSpaceX Starship 15th Test
Share This Article

नई दिल्ली, 14 नवंबर 2026। SpaceX Starship 15th Test : एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी SpaceX ने दुनिया के सबसे ताकतवर रॉकेट स्टारशिप की 15वीं टेस्ट फ्लाइट लॉन्च कर दी है। 14 नवंबर को अमेरिका के टेक्सास स्थित स्टारबेस से भारतीय समयानुसार सुबह 4:15 बजे रॉकेट ने उड़ान भरी। इस मिशन में पहली बार सुपर हेवी बूस्टर और स्टारशिप स्पेसक्राफ्ट दोनों को लॉन्च टावर पर वापस लाकर मैकेनिकल आर्म्स से पकड़ने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, रॉकेट के निचले हिस्से सुपर हेवी बूस्टर को पकड़ने का प्रयास सफल नहीं रहा। दूसरी ओर, स्टारशिप ने अंतरिक्ष में 26 सैटेलाइट तैनात कर दिए हैं।

बूस्टर को पकड़ने की कोशिश रही नाकाम

इस मिशन की सबसे बड़ी चुनौती रॉकेट के दोनों हिस्सों को वापस लॉन्च टावर पर उतारना था। SpaceX ने सुपर हेवी बूस्टर को मेकाजिला नाम के लॉन्च टावर पर लगे मैकेनिकल आर्म्स से पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इस बार सफलता नहीं मिली। कंपनी इससे पहले तीन बार बूस्टर को इस तकनीक से पकड़ने में कामयाब रही है।

अब मिशन की नजर स्टारशिप के ऊपरी हिस्से की वापसी पर है। कंपनी के अनुसार, स्पेसक्राफ्ट के सिस्टम की करीब 21 घंटे तक निगरानी की जाएगी। इसके बाद 15 नवंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 2:47 बजे इसकी वापसी निर्धारित है। इस दौरान इसे भी मैकेनिकल आर्म्स से पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। ऐसा होने पर स्टारशिप के ऊपरी हिस्से को पहली बार इस तरह वापस पकड़ने की उपलब्धि हासिल होगी।

403 फीट ऊंचा है पूरा स्टारशिप रॉकेट

स्टारशिप और सुपर हेवी बूस्टर को मिलाकर पूरे व्हीकल को स्टारशिप कहा जाता है। इसकी कुल ऊंचाई 403 फीट है। SpaceX का लक्ष्य इसके दोनों हिस्सों को सुरक्षित वापस लाकर दोबारा इस्तेमाल करना है, जिससे अंतरिक्ष अभियानों की लागत और समय कम करने में मदद मिल सके।

कंपनी के मुताबिक फिलहाल मिशन के सभी सिस्टम ठीक काम कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर स्पेसक्राफ्ट को निर्धारित समय से पहले डी-ऑर्बिट करने का विकल्प भी मौजूद है।

पहले चार टेस्ट में सामने आईं बड़ी चुनौतियां

स्टारशिप की पहली टेस्ट उड़ान 20 अप्रैल 2023 को हुई थी। लॉन्च के करीब चार मिनट बाद रॉकेट मेक्सिको की खाड़ी के पास लगभग 30 किलोमीटर की ऊंचाई पर विस्फोट के साथ नष्ट हो गया था। इसके बावजूद SpaceX ने इसे लॉन्च पैड से उड़ान भरने की बड़ी उपलब्धि माना।

18 नवंबर 2023 को दूसरे टेस्ट में सुपर हेवी बूस्टर और स्टारशिप का अलग होना सफल रहा। इसमें पहली बार हॉट स्टेजिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, बाद में बूस्टर 90 किलोमीटर की ऊंचाई पर फट गया और स्टारशिप भी 148 किलोमीटर ऊपर खराबी आने के बाद नष्ट करना पड़ा।

14 मार्च 2024 को तीसरे टेस्ट में स्टारशिप ऑर्बिट तक पहुंचा और कई तकनीकी परीक्षण पूरे किए, लेकिन पृथ्वी के वातावरण में वापसी के दौरान उससे संपर्क टूट गया। 6 जून 2024 को चौथे टेस्ट में स्पेसक्राफ्ट अंतरिक्ष में पहुंचने के बाद समुद्र में उतरा। इस उड़ान में पृथ्वी के वातावरण में दोबारा प्रवेश करने की क्षमता का परीक्षण किया गया।

पांचवें टेस्ट में पहली बार बूस्टर को पकड़ा गया

13 अक्टूबर 2024 को पांचवें टेस्ट में SpaceX ने पहली बार सुपर हेवी बूस्टर को लॉन्च टावर पर वापस लाकर मैकेजिला से पकड़ने में सफलता हासिल की। वहीं स्टारशिप की हिंद महासागर में नियंत्रित लैंडिंग हुई।

20 नवंबर 2024 को छठे टेस्ट में बूस्टर को पकड़ने की योजना थी, लेकिन सभी निर्धारित मानक अनुकूल नहीं होने के कारण उसे समुद्र में उतारा गया। इस परीक्षण को देखने के लिए अमेरिका के तत्कालीन नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी स्टारबेस पहुंचे थे।

17 जनवरी 2025 को सातवें टेस्ट में बूस्टर की वापसी सफल रही, लेकिन ऑक्सीजन लीक के कारण स्टारशिप में विस्फोट हो गया। 7 मार्च 2025 के आठवें टेस्ट में भी बूस्टर वापस आ गया, लेकिन ऊपरी हिस्से के छह में से चार इंजन बंद हो गए और ऑटोमेटेड सिस्टम ने स्पेसक्राफ्ट को नष्ट कर दिया। मलबे के कारण अमेरिका के कई हवाई अड्डों पर उड़ानें प्रभावित हुई थीं।

2025 से 2026 तक मिलीं कई अहम उपलब्धियां

28 मई 2025 को नौवें टेस्ट में लॉन्चिंग के करीब 30 मिनट बाद स्टारशिप ने नियंत्रण खो दिया और वातावरण में दोबारा प्रवेश के दौरान नष्ट हो गया। हालांकि, बूस्टर ने अमेरिका की खाड़ी में हार्ड लैंडिंग की।

27 अगस्त 2025 को दसवें टेस्ट में पहली बार आठ स्टारलिंक सिम्युलेटर सैटेलाइट अंतरिक्ष में छोड़े गए। इसके बाद 14 अक्टूबर 2025 को 11वें टेस्ट में भी आठ डमी सैटेलाइट तैनात किए गए। दोनों मिशनों में स्टारशिप की हिंद महासागर में नियंत्रित वॉटर लैंडिंग हुई।

12वें टेस्ट में नए और बड़े V3 वर्जन का इस्तेमाल किया गया। इंजन में खराबी आने के बावजूद करीब एक घंटे बाद स्पेसक्राफ्ट हिंद महासागर में सुरक्षित उतरा। 25 जुलाई 2026 को 13वें टेस्ट में स्टारशिप सुरक्षित तरीके से पानी पर उतरा और समुद्र में तैरता दिखाई दिया। वहीं 28 सितंबर 2026 को 14वें टेस्ट में स्टारशिप पहली बार पृथ्वी की कक्षा में पहुंचा और 26 स्टारलिंक V3 सैटेलाइट तैनात किए।

अब 15वें टेस्ट में सुपर हेवी बूस्टर को पकड़ने की कोशिश नाकाम रहने के बाद SpaceX की निगाहें स्टारशिप की वापसी पर हैं। यदि कंपनी ऊपरी हिस्से को भी मैकेनिकल आर्म्स से पकड़ने में सफल होती है, तो पूरी प्रणाली को दोबारा इस्तेमाल करने की दिशा में यह एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि होगी।


Share This Article
Advertisement Carousel