Bharat Parv 2026Bharat Parv 2026
Share This Article

रायपुर, 17 नवंबर 2026। Bharat Parv 2026 : गुजरात के एकता नगर स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ परिसर में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव ‘भारत पर्व 2026’ में छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग ने एक बार फिर अपनी अनूठी कला और सकारात्मक बदलाव की तस्वीर से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। 1 से 15 नवंबर तक आयोजित इस भव्य आयोजन में बस्तर के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से क्षेत्र की संस्कृति और विकास की नई कहानी राष्ट्रीय मंच पर बयां की। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय एवं गुजरात पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल सहित कई केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास तक

*लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का अनूठा संगम*

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के विकासखंड केशकाल अंतर्गत ग्राम बींजे और धनोरा के ‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के 75 कलाकारों ने इस राष्ट्रीय मंच पर अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (छैक्) के कलाकारों के साथ मिलकर इन स्थानीय कलाकारों ने लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का ऐसा प्रभावशाली संगम प्रस्तुत किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इस पूरी प्रस्तुति को तैयार करने में प्रसिद्ध लोक गायक सिद्धार्थ महाजन, तिलकराम दुग्गा और भूपेंद्र साहू का विशेष सहयोग रहा। देशभर से पहुँचे लगभग 5,000 कलाकारों की सहभागिता वाले इस विशाल आयोजन में कोंडागांव के कलाकारों की यह प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास तक

*नाटक के जरिए जीवंत हुआ बस्तर का बदलाव*

कार्यक्रम का सबसे मुख्य और भावुक करने वाला हिस्सा ‘नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास’ तक की बस्तर की यात्रा को दर्शाना रहा। नाट्य मंचन के माध्यम से यह बेहद प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया कि किस प्रकार बस्तर ने नक्सलवाद की चुनौतियों और बाधाओं को पीछे छोड़ दिया है। प्रस्तुति में उकेरा गया कि अब बस्तर के गांवों में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और कॉलेज जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। विकास की इन किरणों से आदिवासी समुदाय के जीवन में किस तरह शांति, खुशहाली और एक नई उम्मीद का संचार हुआ है, इसे कलाकारों ने अपनी जीवंत कला के माध्यम से मंच पर साकार किया।

नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास तक

*पारंपरिक मांदरी नृत्य और हस्तशिल्प ने भी बिखेरी चमक*

नाट्य मंचन के साथ-साथ बस्तर की पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक ने भी सभी को मोहित किया। मांदर, ढोल और झांझ जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज पर प्रस्तुत ‘मांदरी लोकनृत्य’ ने दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इसके अतिरिक्त, छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित बस्तर के प्रसिद्ध पारंपरिक बांस शिल्प (बैम्बू क्राफ्ट) और हस्तकला को भी देश भर से आए लोगों ने बेहद सराहा। उत्सव के मुख्य थीम पवेलियन में देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया गया था, जिसमें बस्तर की प्रस्तुति ने एक अमिट छाप छोड़ी।

नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास तक

‘भारत पर्व 2026’ में बस्तर के इन कलाकारों की सहभागिता ने न केवल देश को बस्तर की प्राचीन लोक संस्कृति से परिचित कराया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि आज का बस्तर हिंसा के साये से निकलकर विकास, शांति और आत्मविश्वास के साथ देश की मुख्यधारा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।


Share This Article
Advertisement Carousel