Share This Article

रायपुर, 18 नवम्बर 2026 / ETrendingIndia / भारत ने मलेरिया के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले 15 वर्षों में इस बीमारी से होने वाली मौतों में 90 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। वहीं, 2015 से 2025 के बीच मलेरिया के मामले और मौतें लगभग 80 प्रतिशत घटे हैं। अब भारत ने 2027 तक देश में मलेरिया के स्थानीय संक्रमण को शून्य करने और 2030 तक इस बीमारी के पूरी तरह उन्मूलन का लक्ष्य रखा है। इस अभियान में आईसीएमआर-राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान (NIMR) की पांच दशकों की वैज्ञानिक मेहनत की अहम भूमिका रही है।

1977 में हुई थी अनुसंधान संस्थान की स्थापना

भारत में आजादी के समय हर साल मलेरिया के करीब 7.5 करोड़ मामले सामने आते थे और लगभग 8 लाख लोगों की मौत होती थी। वर्ष 1958 में मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम शुरू हुआ। शुरुआती सफलता के बाद दवाओं और कीटनाशकों के प्रति प्रतिरोध के कारण बीमारी फिर तेजी से फैलने लगी। इसके बाद 1977 में दिल्ली में मलेरिया अनुसंधान केंद्र स्थापित किया गया। वर्ष 2005 में इसका नाम आईसीएमआर-एनआईएमआर रखा गया।

जांच, इलाज और रोकथाम में महत्वपूर्ण योगदान

संस्थान ने मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों की प्रजातियों, उनके व्यवहार और कीटनाशकों के प्रति प्रतिरोध पर व्यापक अध्ययन किए। इसकी शोध के आधार पर नई दवाओं, मच्छरदानियों और त्वरित जांच किट को बढ़ावा मिला। ओडिशा में चलाए गए व्यापक मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम ने दुर्गम क्षेत्रों में भी संक्रमण कम करने का रास्ता दिखाया।

अब केवल 33 जिले सबसे बड़ी चुनौती

देश के 160 जिलों में 2022 से 2025 के बीच मलेरिया का कोई स्थानीय मामला दर्ज नहीं हुआ। हालांकि, नौ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 33 जिलों में अब भी देश के 64 प्रतिशत मामले सामने आते हैं। दूरदराज के जंगलों और कम लक्षण वाले मरीजों तक पहुंचना बड़ी चुनौती है।

अगले दशक की पांच प्रमुख प्राथमिकताएं

  1. जलवायु परिवर्तन के कारण मच्छरों के बदलते व्यवहार की निगरानी।
  2. नई कीटनाशक युक्त मच्छरदानियों और जैविक उपायों का विकास।
  3. अधिक संवेदनशील जांच तकनीक और एआई आधारित निदान।
  4. दवाओं के प्रति परजीवियों में बढ़ते प्रतिरोध से निपटने के लिए नई दवाएं।
  5. भारत में विकसित मलेरिया वैक्सीन एडफाल्सीवैक्स की सुरक्षा और प्रभावशीलता का परीक्षण।

अंतिम लक्ष्य: मलेरिया मुक्त भारत

आईसीएमआर-एनआईएमआर अपनी 50वीं वर्षगांठ पर मलेरिया उन्मूलन के संकल्प को आगे बढ़ा रहा है। वैज्ञानिक अनुसंधान, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और जनभागीदारी के जरिए भारत 2030 तक मलेरिया मुक्त बनने की दिशा में प्रयासरत है।


Share This Article
Advertisement Carousel