Share This Article

रायपुर, 18 नवंबर 2026/ ETrendingIndia / संभावित चक्रवाती तूफान ‘आकवान को लेकर समुद्र तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। संभावित प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मछुआरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बुधवार से अगले आदेश तक ट्रॉलर लेकर गहरे समुद्र में मछली पकडऩे जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।


प्रशासन की ओर से समुद्र में पहले से मौजूद मछुआरों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर लौटने की सलाह दी गई है। वहीं, मछली पकडऩे के लिए समुद्र में जाने की तैयारी कर रहे मछुआरों को फिलहाल अपनी यात्रा स्थगित रखने का निर्देश दिया गया है।


इधर, संभावित चक्रवाती तूफान और प्रशासन की चेतावनी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए बुधवार सुबह से ही नामखाना थाना पुलिस ने हतानिया-दोवानिया नदी में नौका के जरिए माइकिंग अभियान चलाया। जलमार्ग से आसपास के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर पुलिस ने मछुआरों और स्थानीय लोगों को सतर्क किया। माइकिंग के माध्यम से गहरे समुद्र में मछली पकडऩे नहीं जाने तथा प्रशासन के अगले निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।


विशेष रूप से समुद्र तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। हालात सामान्य होने तक लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की गई है। संभावित आपदा से निपटने के लिए प्रशासन की इस अग्रिम तैयारी के बाद नामखाना सहित आसपास के तटीय इलाकों में सतर्कता और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।


Share This Article
Advertisement Carousel