ICARICAR
Share This Article

रायपुर, 19 नवंबर 2026/ ETrendingIndia / भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के अंतर्गत राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (ICAR-NIBSM), रायपुर में संयुक्त निदेशक (फसल स्वास्थ्य अनुसंधान) के पद पर कार्यरत कृषि वैज्ञानिक एवं शिक्षाविद् डॉ. अनिल दीक्षित को खरपतवार विज्ञान (Weed Science) के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट वैज्ञानिक योगदान के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

उन्हें कृषि एवं कृषक समुदाय के लिए 33 वर्षों से अधिक समर्पित सेवा के लिए इस (Gold Medal for Outstanding Contribution in the Field of Weed Science) प्रदाय किया गया है.

यह सम्मान 18 नवंबर 2026 को पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU), लुधियाना में आयोजित चतुर्थ अंतरराष्ट्रीय खरपतवार सम्मेलन (4th International Weed Conference) के उद्घाटन समारोह में प्रदान किया गया।

सम्मेलन का मुख्य विषय “जलवायु-सहिष्णु एवं सतत कृषि-खाद्य प्रणालियों के लिए खरपतवार प्रबंधन में तकनीकी नवाचार” (Technological Innovations in Weed Management for Climate-Resilient Sustainable Agri-Food Systems) था। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विश्व भर से लगभग 400 प्रतिनिधि ने भाग लिया।

यह सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. एच. एस. धालीवाल (कुलपति, पंजाब कृषि विश्वविद्यालय) तथा विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर रॉबिन (खरपतवार वैज्ञानिक, इज़राइल) द्वारा प्रदान किया गया।

डॉ. दीक्षित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं कुशल अनुसंधान प्रशासक हैं। उन्हें कृषि विज्ञान में विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च स्थान एवं स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ। उन्होंने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI), नई दिल्ली से ICAR फेलोशिप के अंतर्गत एम.एससी. एवं पीएच.डी. की उपाधियां प्राप्त की हैं।

अपने 33 वर्षों से अधिक के विशिष्ट सेवाकाल में उन्होंने खरपतवार विज्ञान, समेकित खरपतवार प्रबंधन तथा टिकाऊ कृषि विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।

उनके वैज्ञानिक योगदान में 300 से अधिक शोध प्रकाशन, 20 खरपतवार प्रबंधन तकनीकों एवं समेकित खरपतवार प्रबंधन मॉड्यूल का विकास तथा तीन पेटेंट शामिल हैं।

उन्होंने लगभग ₹8 करोड़ की बाह्य वित्तपोषित अनुसंधान परियोजनाओं का नेतृत्व भी किया है। उनका एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय योगदान भारत का द्वि-खंडीय खरपतवार एटलस (Two-volume Weed Atlas of India) है, जिसमें देशभर में खरपतवारों की विविधता एवं वितरण का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण किया गया है।

यह शोध एवं कृषि नीति निर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक संदर्भ दस्तावेज है।

इसके अलावा डॉ. दीक्षित ने छत्तीसगढ़ के विशेषकर बस्तर क्षेत्र में जनजातीय कृषकों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थानके लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने जनजातीय कृषि प्रणालियों में सुधार, उन्नत कृषि तकनीकों के प्रसार, आजीविका संवर्धन तथा कृषकों की आय बढ़ाने के लिए अनुसंधान एवं सहभागी तकनीकी हस्तक्षेपों को प्रोत्साहित किया।

इसके लिए उन्हें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के प्रतिष्ठित फखरुद्दीन अली अहमद पुरस्कार (Fakhruddin Ali Ahmed Award) जनजातीय कृषि अनुसंधान में उत्कृष्ट योगदान से भी सम्मानित भी किया जा चुका है।

इसके अतिरिक्त, ICAR के Farmers’ FIRST एवं Biotech-KISAN कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने किसानों तक वैज्ञानिक तकनीकों को पहुंचाने तथा कृषि आधारित अतिरिक्त आय के अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रति कृषक परिवार लगभग ₹37,000 की अतिरिक्त आय सृजन में योगदान रहा है।

डॉ. दीक्षित को हाल ही में कृषि विज्ञान में उत्कृष्ट शैक्षणिक नेतृत्व एवं अनुसंधान प्रबंधन के लिए लाइफटाइम अकादमिक लीडरशिप अवार्ड (Lifetime Academic Leadership Award) से भी सम्मानित किया गया है।


Share This Article
Advertisement Carousel