Share This Article रायपुर, 19 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। वर्ष 2026 में 18 नवंबर तक कुल 1,38,097 चालान जारी किए जा चुके हैं। जबकि पूरे वर्ष 2025 में 77,235 चालान किए गए थे। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में चालानी कार्रवाई में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसमें बिना हेलमेट, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 84,964 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या 17,060 थी। इसी तरह शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में इस वर्ष 2,460 चालान किए गए, जबकि पिछले वर्ष 1,055 कार्रवाई हुई थी। रांग पार्किंग के 16 हजार, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने के 8,707 और सीट बेल्ट नहीं लगाने के 7,434 चालान किए गए। तेज गति से वाहन चलाने वाले 2,502 तथा बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले 772 चालकों पर कार्रवाई हुई। वहीं नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के 111 मामले सामने आए। इसके अलावा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले 1,722 चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। न्यायालय में प्रस्तुत किए गए चालानों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। वर्ष 2025 में 21,413 चालान न्यायालय भेजे गए थे, जबकि वर्ष 2026 में 18 नवंबर तक 89,001 चालान न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में कमी लाना है। Share This Article Post navigation जलदूत ऐप : भूजल स्तर सर्वे में …छत्तीसगढ़ देश में प्रथम