Share This Article

भारतीय रेल यात्रियों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी सेवाओं को निरंतर अधिक लचीला और यात्री-केंद्रित बना रही है। इसी दिशा में “ट्रेन ऑन डिमांड” (टीओडी), अर्थात माँग आधारित गाड़ियाँ, एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरी है।

त्योहारों, छुट्टियों, मेलों और विशेष अवसरों पर जब किसी मार्ग पर यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है, तब टीओडी के माध्यम से उसी मार्ग पर, उसी समय अतिरिक्त गाड़ियाँ चलाकर यात्रियों को राहत दी जाती है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भी इस व्यवस्था के माध्यम से अपने क्षेत्र के यात्रियों को उनकी आवश्यकता के समय अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध करा रही है।

ट्रेन ऑन डिमांड (टीओडी) क्या है?

ट्रेन ऑन डिमांड ऐसी गाड़ियाँ हैं जो नियमित समय-सारणी से अलग, यात्रियों की वास्तविक माँग के आधार पर चलाई जाती हैं। नियमित गाड़ियाँ पूरे वर्ष एक निश्चित समय-सारणी पर चलती हैं, जबकि टीओडी किसी विशेष मार्ग पर, किसी विशेष अवधि में बढ़ी हुई माँग को पूरा करने के लिए अधिसूचित की जाती हैं।

जैसे ही किसी मार्ग पर माँग बढ़ने के संकेत मिलते हैं, रेलवे उस मार्ग के लिए अतिरिक्त गाड़ी की योजना बनाकर उसे अधिसूचित करती है और यात्री उसमें सामान्य गाड़ियों की तरह आरक्षण करा सकते हैं।

माँग सामान्य होने पर ये गाड़ियाँ नहीं चलाई जातीं। टीओडी तभी चलाई जाती है जब पाथ, रेक, अनुरक्षण अवसंरचना तथा प्लेटफॉर्म की उपलब्धता की दृष्टि से इसका संचालन व्यवहार्य हो।

रेलवे बोर्ड ने यह अवधारणा क्यों प्रारंभ की?

देश के कई मार्गों पर वर्ष भर यात्रियों की संख्या एक जैसी नहीं रहती। दीपावली, छठ, होली, गर्मी की छुट्टियों या बड़े मेलों के समय कुछ मार्गों पर यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है, जबकि वर्ष के अन्य दिनों में वही मार्ग सामान्य रहते हैं।

ऐसे समय में नियमित गाड़ियों में लंबी प्रतीक्षा सूची बन जाती है और बहुत से यात्रियों को कन्फ़र्म टिकट नहीं मिल पाता।

केवल नियमित गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है, क्योंकि कम माँग वाले दिनों में वे गाड़ियाँ खाली चलेंगी। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड ने ट्रेन ऑन डिमांड की अवधारणा प्रारंभ की, ताकि जहाँ और जब माँग हो, वहीं और तभी अतिरिक्त गाड़ियाँ उपलब्ध कराई जा सकें।

इस पहल के पीछे की सोच

टीओडी के पीछे मूल सोच यह है कि रेल सेवाएँ यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार चलें, न कि यात्री केवल उपलब्ध सेवाओं के अनुसार अपनी यात्रा तय करने को विवश हों।

ऑनलाइन बुकिंग से माँग का सटीक आकलन

आज लगभग 89 प्रतिशत आरक्षित टिकट ऑनलाइन बुक किए जाते हैं। इससे रेलवे के पास हर मार्ग, हर गाड़ी और हर तिथि के लिए यात्रियों की माँग के विश्वसनीय आँकड़े उपलब्ध रहते हैं।

इन आँकड़ों के विश्लेषण से यह आसानी से पता चल जाता है कि किस मार्ग पर, किन तिथियों में और कितनी अधिक माँग है।

इसी आधार पर टीओडी अधिसूचित की जाती है। चूँकि अधिकांश यात्री पहले से ही ऑनलाइन टिकट बुक कर रहे हैं, इसलिए टीओडी की अधिसूचना होते ही वे घर बैठे इन गाड़ियों में आरक्षण करा सकते हैं और इसका सीधा लाभ उठा सकते हैं।

डेटा आधारित- आवश्यकता के अनुरूप

ट्रेन ऑन डिमांड रेल सेवाओं की योजना में एक कदम आगे है। यह व्यवस्था अधिक संवेदनशील है, अधिक डेटा आधारित है और यात्रियों की आवश्यकता के अधिक अनुरूप है।

भारतीय रेल में माँग आधारित विशेष गाड़ियाँ

भारतीय रेल ने हाल के समय में यात्रियों की बढ़ी हुई माँग को पूरा करने के लिए बड़े पैमाने पर विशेष गाड़ियाँ चलाई हैं।

अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच त्योहारों और छुट्टियों के दौरान मौसमी भीड़ को संभालने के लिए देशभर में लगभग 74,800 विशेष गाड़ियों के फेरे चलाए गए।

ग्रीष्मकाल में यात्रा की अधिक माँग को देखते हुए 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 की अवधि के लिए कुल 908 विशेष गाड़ियाँ स्वीकृत की गईं, जिनके माध्यम से 18,262 फेरे चलाए गए।

इसी प्रकार दीपावली और छठ 2026 के त्योहारी मौसम में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूरे रेल नेटवर्क पर 18,000 से अधिक विशेष गाड़ी सेवाएँ निर्धारित की गईं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में टीओडी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भी अपने क्षेत्र के यात्रियों की माँग को ध्यान में रखते हुए टीओडी गाड़ियों का प्रभावी संचालन किया है। वर्ष 2025-26 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 402 टीओडी गाड़ियाँ चलाई गईं।

चालू वर्ष में 1 अप्रैल से 15 नवंबर 2026 तक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 221 टीओडी गाड़ियाँ चलाईं, वहीं अन्य क्षेत्रीय रेलों की 373 टीओडी गाड़ियाँ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र से होकर गुज़रीं। इस प्रकार पिछले दो वर्षों में लगभग 1,000 टीओडी गाड़ियों से क्षेत्र के यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिले हैं।

यात्रियों से अनुरोध है कि टीओडी एवं अन्य विशेष गाड़ियों की जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या 139 का उपयोग करें तथा टिकट केवल अधिकृत माध्यमों, जैसे आईआरसीटीसी वेबसाइट व ऐप और रेलवे आरक्षण काउंटर से ही बुक करें।


Share This Article
Advertisement Carousel