Share This Article

रायपुर, 24 नवंबर 2026/ ETrendingIndia / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने 22 से 23 नवंबर 2026 तक भारत की राजकीय यात्रा की। इस दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने नई दिल्ली में सौहार्दपूर्ण और दूरदर्शी बातचीत की तथा द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा की। दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के सदियों पुराने सभ्यतागत संबंधों को बहुआयामी साझेदारी में बदलने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि आपसी सम्मान, पारस्परिक लाभ और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे संबंध इस साझेदारी की सबसे बड़ी ताकत हैं। इसी दिशा में दोनों देशों ने ‘विकसित भारत 2047’ और ‘समुन्नत नेपाल’ की साझा आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए भविष्य की साझेदारी के लिए 10 स्तंभों पर आधारित संयुक्त विजन डॉक्युमेंट अपनाया है।

बाढ़ के बाद नेपाल को भारत की मानवीय सहायता की सराहना

नेपाल ने अगस्त 2026 में रसुवा-त्रिशूली नदी बेसिन और अन्य क्षेत्रों में आई बाढ़ तथा मलबे के प्रवाह के बाद भारत की ओर से तत्काल उपलब्ध कराई गई मानवीय सहायता और खोज एवं बचाव कार्यों में दिए गए सहयोग की सराहना की। दोनों नेताओं ने नेपाल के पुनर्निर्माण प्रयासों के लिए भविष्य में अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई।

1950 की शांति एवं मैत्री संधि की समीक्षा पर सहमति

दोनों प्रधानमंत्रियों ने सहमति जताई कि भारत-नेपाल साझेदारी को मौजूदा राजनीतिक, आर्थिक और तकनीकी परिस्थितियों के अनुरूप विकसित करने की जरूरत है। इसके लिए एक आधुनिक और दूरदर्शी कानूनी ढांचा तैयार किया जाएगा। इसमें वर्ष 1950 की शांति एवं मैत्री संधि सहित मौजूदा द्विपक्षीय समझौतों की आपसी सहमति से समीक्षा की जा सकती है। जल संसाधन, ऊर्जा, व्यापार एवं वाणिज्य और सीमा से जुड़े लंबित मुद्दों का समाधान भी आपसी विचार-विमर्श और संवाद के माध्यम से किया जाएगा।

पहला स्तंभ: व्यापक आर्थिक एवं विकासात्मक साझेदारी

भारत की ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना और नेपाल की ‘समुन्नत नेपाल’ की राष्ट्रीय आकांक्षा में समानताओं को देखते हुए दोनों देश आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेंगे। इसके तहत व्यापार एवं निवेश संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा, नए ट्रांजिट संपर्क मार्गों और हवाई मार्गों की शुरुआत तथा भारत-नेपाल सीमा के निकट सीमापार विशेष आर्थिक क्षेत्रों और औद्योगिक पार्कों की स्थापना में सहयोग किया जाएगा। विनिर्माण, प्रसंस्करण उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी पार्कों के विकास को भी बढ़ावा दिया जाएगा। नेपाल के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में भारतीय निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कारोबार करने में सुगमता और निवेशकों का विश्वास बढ़ाने वाली व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। भारत नेपाल को कुल 15,000 करोड़ रुपए (24,000 करोड़ नेपाली रुपए) की विकास सहायता प्रदान करेगा। इसमें आपदा के बाद पुनर्निर्माण और नई अवसंरचना परियोजनाओं के लिए 3,500 करोड़ रुपए (5,600 करोड़ नेपाली रुपए) की अनुदान सहायता तथा ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए 11,500 करोड़ रुपए (18,400 करोड़ नेपाली रुपए) की रुपए-मूल्यवर्गित ऋण सुविधा शामिल होगी। इससे संबंधित परियोजनाओं और सहायता के तौर-तरीकों को आपसी परामर्श से अंतिम रूप दिया जाएगा।

दूसरा स्तंभ: भौतिक और डिजिटल संपर्क-सुविधा का विस्तार

दोनों नेताओं ने अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा तथा धारचूला और दार्चुला के बीच महाकाली नदी पर मोटर-वाहन योग्य पुल के शुभारंभ का स्वागत किया। साथ ही, भैरहवा और सुनौली में एकीकृत जांच चौकियों के निर्माण में तेजी लाने तथा बनबसा और दोधारा चांदनी में नई एकीकृत जांच चौकियां स्थापित करने पर सहमति जताई। जयनगर-बरदीबास और जोगबनी-विराटनगर रेल लाइनों के अंतिम खंडों का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाएगा। रक्सौल-काठमांडू रेल संपर्क मार्ग के अंतिम स्थल सर्वेक्षण के पूरा होने का स्वागत करते हुए दोनों पक्षों ने नेपाल में पूर्व-पश्चिम रेल संपर्क विकसित करने पर सहयोग करने का निर्णय लिया। इसमें बरदीबास-निजगढ़ और बीरगंज-निजगढ़ रेल मार्गों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा नए मोटर-वाहन योग्य पुलों और व्यापारिक केंद्रों के माध्यम से सड़क संपर्क मजबूत किया जाएगा। सिलीगुड़ी और झापा को जोड़ने वाली नई पेट्रोलियम पाइपलाइन का निर्माण तथा भारत-नेपाल के बीच गैस पाइपलाइन की संभावनाओं का पता लगाया जाएगा। दोनों देश भारत की यूपीआई प्रणाली को नेपाल की राष्ट्रीय भुगतान प्रणाली से जोड़ने और सीमापार खुदरा भुगतान व्यवस्था के कार्यान्वयन में तेजी लाएंगे। पीएम गति शक्ति जैसे मंचों के माध्यम से एकीकृत अवसंरचना नियोजन में भी सहयोग किया जाएगा। साथ ही, दोनों देशों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा को खुला, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा सीमापार अपराधों एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सहयोग मजबूत करने पर सहमति जताई।

तीसरा स्तंभ: ऊर्जा, जल संसाधन और जलवायु अनुकूलन

भारत और नेपाल जलविद्युत, ऊर्जा और जल संसाधन के क्षेत्र में सहयोग को व्यापक बनाएंगे। भारत नेपाल के जलविद्युत और ट्रांसमिशन अवसंरचना में निवेश को प्रोत्साहित करेगा, जबकि नेपाल निवेश के लिए अनुकूल और पारस्परिक लाभकारी माहौल तैयार करेगा। दोनों देशों के अधिकारी बिजली की बाजार मांग और पारस्परिक लाभ को ध्यान में रखते हुए विद्युत व्यापार बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार करेंगे। पंचेश्वर, सप्तकोशी और सुनकोशी बहुउद्देशीय परियोजनाओं सहित जारी और प्रस्तावित जलविद्युत परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाई जाएगी, ताकि जल संसाधनों का बेहतर उपयोग हो और बाढ़ के प्रतिकूल प्रभाव कम किए जा सकें। दोनों देश आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी और आपदा के बाद पुनर्बहाली के क्षेत्र में भी साझेदारी मजबूत करेंगे। जल-मौसम संबंधी आंकड़ों, हिमनद झीलों की निगरानी और पूर्व चेतावनी प्रणाली से जुड़ी सूचनाओं को वास्तविक समय में दोनों दिशाओं में साझा करने की व्यवस्था संस्थागत बनाई जाएगी। इसके अलावा संयुक्त मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास, प्रशिक्षण और क्षमता विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। दोनों देश अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदा-रोधी अवसंरचना गठबंधन, आईसीआईएमओडी और अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस जैसे बहुपक्षीय संगठनों में सहयोग बढ़ाएंगे। सौर ऊर्जा, भूमिगत ऊर्जा स्रोतों और नेपाल में ग्रीन हाइड्रोजन की पायलट परियोजना सहित ऊर्जा के नए स्रोतों के विकास में भी साझेदारी की जाएगी। भारत पर्यावरण नीति, विनियमन, मानक, वानिकी, जोखिम मानचित्रण और जलवायु अनुकूल कृषि के क्षेत्रों में नेपाली युवाओं, अधिकारियों और विशेषज्ञों को प्रशिक्षण देने के साथ जल निकायों के पुनरुद्धार और भूजल प्रदूषण से निपटने की विशेषज्ञता भी साझा करेगा।

चौथा स्तंभ: सुशासन और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना

दोनों देश डिजिटल प्रौद्योगिकी के माध्यम से सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और प्रभावी बनाने के लिए सहयोग करेंगे। डिजिटल संप्रभुता और डेटा संरक्षण के वैश्विक सिद्धांतों के अनुरूप नेपाल के ‘डिजिटल नेपाल फ्रेमवर्क’ को लागू करने में भारत तकनीकी विशेषज्ञता और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियां साझा करेगा। इसमें डिजिटल पहचान, भुगतान और ई-गवर्नेंस जैसी डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना शामिल होगी। इसके अलावा राष्ट्रीय सुशासन केंद्र के माध्यम से नेपाली सिविल सेवकों को भारत में प्रशिक्षण दिया जाएगा। दोनों देश राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर के विधायी निकायों के बीच अनुभवों तथा बेहतर कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करेंगे। स्थानीय शासन के क्षेत्र में भी भारतीय एजेंसियों के साथ प्रशिक्षण और अध्ययन दौरों के माध्यम से सहयोग बढ़ाया जाएगा।

पांचवां स्तंभ: प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और नवाचार

नेपाल को प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में विकसित करने की उसकी आकांक्षा और भारत की तकनीकी क्षमताओं को ध्यान में रखते हुए दोनों देश स्टार्टअप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष और दूरसंचार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएंगे। भारतीय-नेपाल स्टार्टअप साझेदारी नेटवर्क (आईएन-स्पैन) का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत नेपाली स्टार्टअप को भारत में प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के साथ काठमांडू में स्टार्टअप सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और पोखरा में डिजिटल नोमैड्स एंड इनोवेशन हब स्थापित करने की पहल की जाएगी। नेपाल में निजी निवेश को प्रोत्साहित करते हुए डिजिटल पार्क और डेटा सेंटर विकसित किए जाएंगे। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए भाषिणी के साथ साझेदारी के माध्यम से नेपाली भाषा का लार्ज लैंग्वेज मॉडल विकसित करने की योजना है। अंतरिक्ष क्षेत्र में उपग्रह विकास, पृथ्वी अवलोकन, आपदा प्रबंधन के लिए रिमोट सेंसिंग और क्षमता विकास पर सहयोग किया जाएगा। इसके लिए नेपाल विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी अकादमी तथा नेपाल की संबंधित एजेंसियों के साथ इसरो और इन-स्पेस के बीच साझेदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा 5जी, 6जी और अगली पीढ़ी की दूरसंचार प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाया जाएगा।

छठा स्तंभ: शिक्षा और कौशल विकास

दोनों देश प्रशिक्षण, मानव संसाधन विकास और शैक्षणिक आदान-प्रदान को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे। नेपाल में प्रतिष्ठित भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों के परिसर खोलने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी, जिसकी शुरुआत एक भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) से करने का प्रस्ताव है। नेपाली विद्यार्थियों के लिए मौजूदा छात्रवृत्ति योजनाओं को जारी रखते हुए कानून, प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे नए विषयों में भी छात्रवृत्ति और प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। दोनों देशों के शैक्षणिक और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने के साथ शिक्षकों, विशेषज्ञों और संकाय सदस्यों के आदान-प्रदान को संस्थागत रूप दिया जाएगा। भारत की सहायता से नेपाल में एक व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान भी स्थापित किया जाएगा, जहां युवाओं को विनिर्माण, सेवा क्षेत्र और उद्यमिता से जुड़े क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सातवां स्तंभ: खेल और खेल अवसंरचना का विकास

नेपाल में खेलों के विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार की प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए भारत राष्ट्रीय क्रिकेट कोचिंग एवं प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना में सहयोग करेगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर पर क्रिकेट से जुड़ी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। नेपाल की प्रांतीय क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों को भारत की राष्ट्रीय प्रशिक्षण अकादमियों में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। बैडमिंटन, टेनिस, शूटिंग और एथलेटिक्स जैसे खेलों में भी ऐसे अवसर उपलब्ध कराने तथा नेपाल में आधुनिक मल्टी-स्पोर्ट्स सेंटर विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। दोनों देश संयुक्त पर्वतारोहण अभियानों सहित माउंटेन स्पोर्ट्स में सहयोग बढ़ाएंगे। इसके अलावा भारत और नेपाल के खेल निकायों को क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों की लीग में एक-दूसरे के देश के खिलाड़ियों की भागीदारी के अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

आठवां स्तंभ: संस्कृति और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

भारत और नेपाल अपने ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए पर्यटन सर्किट और नए पर्यटन स्थलों का विकास करेंगे। इसमें जनकपुर-अयोध्या, लुंबिनी-बोधगया-सारनाथ-कुशीनगर और काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर से वाराणसी को जोड़ते हुए रामायण, बौद्ध और शिव-शक्ति सर्किट विकसित करना शामिल है। सिस्टर सिटी समझौतों के माध्यम से भी सहयोग बढ़ाया जाएगा। दोनों देश बारी-बारी से भारत और नेपाल में वार्षिक युवा सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित करेंगे। फिल्म निर्माण, रंगमंच और ललित कला के क्षेत्र में कलाकारों के प्रशिक्षण तथा आदान-प्रदान का विस्तार किया जाएगा। लुंबिनी बौद्ध विश्वविद्यालय में नालंदा केंद्र की स्थापना के माध्यम से नालंदा विश्वविद्यालय और लुंबिनी बौद्ध विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक सहयोग मजबूत किया जाएगा। पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में युवा उद्यमियों के बीच साझेदारी बढ़ाने के साथ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स की परिचय यात्राओं को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि दोनों देशों के बीच दोतरफा पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।

नौवां स्तंभ: स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा सहयोग का विस्तार

नेपाल में बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं के एकीकृत मॉडल को मजबूत करने के लिए भारत सहयोग करेगा। नेपाल सरकार की जरूरतों के अनुसार हाई-इम्पैक्ट कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (एचआईसीडीपी) के तहत स्वास्थ्य केंद्रों, प्रसव केंद्रों और अस्पतालों के निर्माण की परियोजनाएं जारी रखी जाएंगी। नेपाल की राष्ट्रीय चिकित्सा प्रयोगशाला को उन्नत बनाने में सहयोग दिया जाएगा। लोगों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के लिए भारत-नेपाल जन औषधि केंद्र स्थापित किए जाएंगे। भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग कार्यक्रम (आईटीईसी) के तहत नेपाली स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दोनों देशों के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के बीच संपर्क, विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और नेपाल स्वास्थ्य अनुसंधान परिषद (एनएचआरसी) के बीच अनुसंधान सहयोग मजबूत करने के साथ भारत के केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) और नेपाल के औषधि प्रशासन विभाग के बीच भी सहयोग बढ़ाया जाएगा।

दसवां स्तंभ: कृषि और कृषि आधारित उद्योगों में साझेदारी

भारत और नेपाल कृषि क्षेत्र में अनुभवों के आदान-प्रदान, प्रशिक्षण और अनुसंधान सहयोग को और व्यापक बनाएंगे। नेपाल के कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करने के उद्देश्य से भारत की अनुदान सहायता से चितवन में कृषि-औद्योगिक पार्क स्थापित किया जाएगा। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और नेपाल कृषि अनुसंधान परिषद (एनएआरसी) के बीच वर्ष 2026-2030 की कार्ययोजना के कार्यान्वयन में तेजी लाई जाएगी। नेपाल के अधिकारियों, किसानों और कृषि पेशेवरों की क्षमता बढ़ाने के लिए कृषि एवं पशुधन से जुड़े क्षेत्रों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नेपाल में आईसीएआर का एक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के साथ दोनों देशों के प्रमुख कृषि विश्वविद्यालयों के बीच संपर्क और सहयोग बढ़ाया जाएगा। नेपाली अधिकारियों, किसानों और उद्यमियों को उनकी जरूरतों के अनुसार कृषि एवं पशुधन के क्षेत्र में विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

छह महीने में कम से कम एक बार होगी उच्च स्तरीय निगरानी समूह की बैठक

संयुक्त विजन डॉक्युमेंट को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए दोनों प्रधानमंत्रियों ने नेपाल के विदेश सचिव और भारत के राजदूत के नेतृत्व में उच्च स्तरीय निगरानी समूह को सक्रिय करने का निर्णय लिया। यह समूह प्रत्येक छह महीने में कम से कम एक बार बैठक करेगा। इसका उद्देश्य प्रस्तावित परियोजनाओं, विचारों और पहलों के कार्यान्वयन में तेजी लाना तथा आवश्यक मंजूरियों और अनुमोदनों की प्रक्रिया को सुगम बनाना होगा।

2027 में होगी भारत-नेपाल संयुक्त आयोग की अगली बैठक

दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि उच्च स्तरीय निगरानी समूह अपनी रिपोर्ट भारत-नेपाल संयुक्त आयोग को सौंपेगा। इस आयोग की सह-अध्यक्षता दोनों देशों के विदेश मंत्री करते हैं। दोनों प्रधानमंत्रियों ने निर्णय लिया कि संयुक्त आयोग की अगली बैठक वर्ष 2027 में आयोजित की जाएगी।

आधुनिक और पारस्परिक लाभकारी साझेदारी की साझा प्रतिबद्धता

दोनों प्रधानमंत्रियों ने विश्वास व्यक्त किया कि संयुक्त विजन डॉक्युमेंट भारत और नेपाल के बीच महत्वाकांक्षी, आधुनिक और पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारी के लिए एक मजबूत रूपरेखा प्रस्तुत करेगा। उन्होंने दोनों देशों के अधिकारियों को इस विजन को धरातल पर उतारने और प्रस्तावित पहलों को समयबद्ध तरीके से लागू करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया। यह साझेदारी विशेष रूप से दोनों देशों के युवाओं की आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर आर्थिक विकास, तकनीकी सहयोग, संपर्क-सुविधा और जनसंपर्क को नई ऊंचाई देने का प्रयास करेगी।


Share This Article
Advertisement Carousel