Share This Article कोरबा, 24 नवंबर 2026। Public Grievance Meeting : सरकारी दफ्तरों में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले लोगों के लिए अधिकारियों का आत्मीय व्यवहार भी बड़ी राहत बन सकता है। कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत के जनदर्शन में इसकी झलक देखने को मिली। किसी बुजुर्ग से ‘बताओ कका, क्या परेशानी है?’ तो किसी महिला से ‘कैसे हो दीदी?’ कहकर उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। उनके सहज संवाद से फरियादियों की झिझक दूर हुई और उन्होंने खुलकर अपनी परेशानियां बताईं। सोमवार को आयोजित जनदर्शन में कुल 103 आवेदकों ने अपनी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए। नौकरी मांगने पहुंची महिला को स्वरोजगार के विकल्प बताए जनदर्शन में एक महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर सरकारी नौकरी की उम्मीद से पहुंची थी। कलेक्टर ने उसकी बात सुनकर समझाया कि सरकारी नौकरी निर्धारित भर्ती प्रक्रिया और रिक्त पदों के आधार पर ही मिल सकती है। इसके साथ ही उन्होंने महिला को स्वरोजगार के विकल्प भी बताए। कलेक्टर ने बकरी पालन, मुर्गी पालन, मछली पालन और स्वसहायता समूह से जुड़कर आजीविका शुरू करने की संभावनाओं की जानकारी दी। महिला की सहमति मिलने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। Public Grievance Meeting जनदर्शन में दूरदराज के गांवों से आने वाले ग्रामीणों से कलेक्टर आत्मीयता के साथ बातचीत करते हैं। बुजुर्गों को ‘कका’ और महिलाओं को ‘दीदी’ या ‘दाई’ कहकर संबोधित करते हुए उनकी समस्याएं समझते हैं। इससे कई बार संकोच करने वाले आवेदक भी खुलकर अपनी बात रख पाते हैं। कलेक्टर व्यक्तिगत समस्याओं के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति के बारे में भी जानकारी लेते हैं, ताकि स्थानीय जरूरतों को समझकर संबंधित विभागों के माध्यम से कार्रवाई की जा सके। आवास, जमीन, बिजली और आर्थिक सहायता से जुड़े आवेदन सोमवार के जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, वन अधिकार पट्टा, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, महतारी वंदन योजना, बिजली बिल में सुधार, विद्युत लाइन विस्तार, पट्टा सर्वेक्षण से जुड़ी दावा-आपत्तियां, आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता और पुल-पुलिया निर्माण सहित विभिन्न विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए। जरूरत के अनुसार उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार और अन्य विभागीय अधिकारियों से फोन पर भी चर्चा की। महतारी वंदन और साइबर ठगी को लेकर दी समझाइश जनदर्शन में कुछ महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि नहीं मिलने की शिकायत रखी। बातचीत में पता चला कि वे निर्धारित समय में योजना के लिए आवेदन नहीं कर पाई थीं। कलेक्टर ने उन्हें समझाया कि योजना का लाभ पाने के लिए निर्धारित अवधि में आवेदन करना जरूरी है। नए आवेदन स्वीकार करने की प्रक्रिया शुरू होने पर वे पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकती हैं। वहीं, ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हुआ एक व्यक्ति खाते से निकाली गई रकम वापस दिलाने की मांग लेकर पहुंचा। कलेक्टर ने उसे डिजिटल लेनदेन में सावधानी बरतने, किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा नहीं करने और अपरिचित लोगों के कहने पर ऑनलाइन भुगतान नहीं करने की सलाह दी। सरकारी जमीन और धान खरीदी केंद्र के विवाद पर भी हुई चर्चा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और पट्टा देने से जुड़े आवेदनों पर कलेक्टर ने कहा कि सरकारी जमीन का उपयोग स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के लिए भी किया जाता है। ऐसे मामलों में भूमि की वास्तविक स्थिति और लागू नियमों का परीक्षण करने के बाद ही निर्णय लिया जा सकता है। ग्राम चचिया में धान उपार्जन केंद्र के स्थान और संचालन को लेकर दो पक्ष अलग-अलग आवेदन लेकर पहुंचे थे। कलेक्टर ने दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी बातचीत से विवाद सुलझाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विवाद के कारण खरीदी केंद्र का संचालन प्रभावित होने पर गांव के किसानों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। इसलिए ग्रामीणों को सामूहिक हित में सहमति बनाने का प्रयास करना चाहिए। सरपंचों को पुराने निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश लबेद, बक्साही, अरसिया और रजगामार सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच और जनप्रतिनिधि नए विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए पहुंचे थे। कलेक्टर ने उनसे पहले से स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन, सीसी रोड और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने और उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिन निर्माण कार्यों की स्थिति स्पष्ट नहीं थी, उनकी तस्वीरें मंगवाकर जानकारी देने को कहा। कलेक्टर ने पुराने कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर नए विकास कार्यों की स्वीकृति की बात कही। इस पर सरपंचों ने लंबित कार्य जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया। सड़क निर्माण से प्रभावित मकानों और भू-विस्थापितों के मामलों की जांच ग्राम तरदा के पास सड़क निर्माण से वर्षों पुराने मकानों के प्रभावित होने की शिकायत भी जनदर्शन में रखी गई। कलेक्टर ने उपलब्ध सैटेलाइट तस्वीरों और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर मकानों तथा निवास की स्थिति का परीक्षण कराने की बात कही। जांच के निष्कर्ष और लागू नियमों के अनुसार मुआवजा, पुनर्वास या अन्य सहायता के संबंध में कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा कुसमुंडा खदान परियोजना से जुड़े भू-विस्थापितों की शिकायतों पर महाप्रबंधक से जानकारी लेकर पात्र व्यक्तियों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई। जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर ओमकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। Share This Article Post navigation Barbarik Group Investigation : पीआरए-बर्बरिक ग्रुप की जांच में 20 करोड़ के गहनों का सुराग, बैंक लॉकर से डिजिटल रिकॉर्ड तक खंगाल रहा आयकर विभाग