Share This Article

रायपुर, 24 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के हटरी पारा में 10 लाख की लागत से निर्मित महर्षि कश्यप चौक एवं महर्षि कश्यप की प्रतिमा का अनावरण किया।

उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर महर्षि कश्यप का स्मरण किया। नवनिर्मित महर्षि कश्यप चौक को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है।

प्रतिमा अनावरण के अवसर पर कसौधन गुप्ता समाज के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों द्वारा उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा का आत्मीय स्वागत किया गया।

  श्री विजय शर्मा ने  कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना का उद्देश्य केवल उनका स्मरण करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा देना भी है।  कवर्धा शहर में और महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएगी। 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डीएफओ कार्यालय के सामने चौपाटी शुरू हो चुकी है। हनुमंत वाटिका को नगरवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पुराने काष्ठागार परिसर में शिव वाटिका का निर्माण होगा। बूढ़ा महादेव मंदिर के विस्तार एवं भव्य निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

   विंध्यवासिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश व्यवस्था विकसित की जा रही है तथा मंदिर परिसर में विशाल हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। 

भोरमदेव मंदिर परिसर में भव्य कॉरिडोर निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 146 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं।

कवर्धा के विकास को गति देने के लिए बिलासपुर और रायपुर मार्ग पर लगभग 56 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।

नए बस स्टैंड तक आवागमन सुगम बनाने के लिए ठाकुरदेव चौक से घोटिया रोड तक लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से सड़क बनाई गई है।

नया बस स्टैंड भी प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में व्यापारिक केंद्र विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा, ताकि नगर का विस्तार हो और स्थानीय व्यापारियों को बेहतर अवसर मिल सकें।

   नगर पालिका अध्यक्ष श्री चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि महर्षि कश्यप जी जैसे महान ऋषियों एवं महापुरुषों ने समाज और राष्ट्र को सही दिशा देने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचारों, आदर्शों और बताए गए मार्गों पर चलना हम सभी का दायित्व है। 

इस अवसर पर जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संतोष पटेल, श्री देवेंद्र गुप्ता, कवर्धा शहर समाज के अध्यक्ष श्री प्रभात गुप्ता, समाज के वरिष्ठ एवं मार्गदर्शक श्री आत्मानंद गुप्ता, नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष श्री पवन जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे।


Share This Article
Advertisement Carousel