Share This Article

रायपुर, 27 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / भारत में तपेदिक (टीबी) के खिलाफ अभियान को बड़ी सफलता मिली है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की वैश्विक तपेदिक रिपोर्ट 2026 के अनुसार, वर्ष 2015 के मुकाबले भारत में टीबी से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की कमी आई है।

यह गिरावट वैश्विक औसत 35 प्रतिशत से भी अधिक है। इसके साथ ही दवा-संवेदनशील टीबी के मरीजों के इलाज की सफलता दर 94 प्रतिशत पहुंच गई है।

वैश्विक औसत से बेहतर प्रदर्शन

WHO की 12 नवंबर 2026 को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने टीबी से होने वाली मौतों को कम करने में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2015 में प्रति लाख आबादी पर टीबी से 28 मौतें होती थीं, जो 2025 में घटकर 18 रह गईं।

25 करोड़ लोगों की हुई जांच

केंद्र सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 25 करोड़ से अधिक लोगों की सघन जांच की गई है। इस दौरान करीब 48.64 लाख टीबी मरीजों की पहचान हुई, जिनमें लगभग 15 लाख ऐसे मरीज थे, जिनमें बीमारी के लक्षण दिखाई नहीं दे रहे थे।

AI तकनीक से आसान हुई पहचान

राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत AI आधारित एक्स-रे, आधुनिक जांच तकनीक और समय पर उपचार पर जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा मरीजों को पोषण सहायता और नियमित देखभाल भी उपलब्ध कराई जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, टीबी उन्मूलन के लिए जांच, इलाज और जनभागीदारी के प्रयास लगातार तेज किए जा रहे हैं।


Share This Article
Advertisement Carousel