Pakistan Religious MinoritiesPakistan Religious Minorities
Share This Article

इस्लामाबाद, 28 नवंबर 2026।Pakistan Religious Minorities : पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ जारी अत्याचारों को लेकर एक नई रिपोर्ट ने गंभीर चिंता जताई है। अल्पसंख्यक अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन बोर्ड ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी (बीओपीएम) के अनुसार, साल भर पहले 10 महीनों में कम से कम 84 अल्पसंख्यक लड़कियों के अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन की घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें बड़ी संख्या नाबालिग लड़कियों की बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ितों में 49 ईसाई और 35 हिंदू लड़कियां शामिल हैं।

84 पीड़ितों में 43 नाबालिग, छह लड़कियां 14 साल से कम उम्र की

रिपोर्ट के अनुसार, अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन की घटनाओं में 43 पीड़ित नाबालिग थीं। इनमें छह लड़कियों की उम्र 14 साल से भी कम थी। सबसे ज्यादा मामले पंजाब प्रांत से सामने आए, जहां 47 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें 18 मामले सिर्फ लाहौर के थे। वहीं, सिंध प्रांत में 36 मामले दर्ज हुए, जबकि बलूचिस्तान में एक मामला सामने आया।

2021 से 2025 के बीच 515 मामले दर्ज

रिपोर्ट में बताया गया है कि 2021 से 2025 के बीच पाकिस्तान में अल्पसंख्यक महिलाओं के अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन के 515 मामले दर्ज किए गए। हालांकि, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का मानना है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।

बीओपीएम ने कहा कि हर आंकड़े के पीछे एक ऐसी लड़की है, जिसे उसके घर से छीन लिया गया। उसकी मर्जी के बिना धर्म परिवर्तन कराया गया और ऐसे व्यक्ति से शादी कराई गई, जिसे उसने कभी नहीं चुना। परिवार अपनी बेटियों को खोजते रहते हैं और हर गुजरते दिन के साथ उनकी चिंता बढ़ती जाती है।

शिकायत दर्ज कराने से भी डरते हैं परिवार

संगठन के अनुसार, कई परिवार शिकायत तक दर्ज नहीं कराते, क्योंकि उन्हें बदले की कार्रवाई का डर रहता है। उन्हें यह भरोसा भी नहीं होता कि व्यवस्था उनकी सुरक्षा कर पाएगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह खामोशी समस्या की वास्तविक गंभीरता को छिपाती है और पीड़ितों का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होने को दर्शाती है।

मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पाकिस्तानी अधिकारी इन अपराधों को रोकने और पीड़ित परिवारों की सुरक्षा करने में नाकाम रहे हैं। बीओपीएम ने पुलिस और अदालतों की धीमी कार्रवाई की भी आलोचना की है। संगठन का कहना है कि कार्रवाई में देरी से प्रभावित परिवारों की परेशानी और बढ़ जाती है।

जबरन धर्म परिवर्तन और शादी के बाद घर लौटना मुश्किल

रिपोर्ट के मुताबिक, जब किसी लड़की को कहीं और ले जाकर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया जाता है और उसकी शादी कर दी जाती है, तो उसके घर वापस लौटने की संभावना काफी कम हो जाती है। कार्रवाई में हर सप्ताह की देरी उसकी वापसी को और मुश्किल बना देती है।

संगठन ने कहा कि कोई नाबालिग बच्ची शादी या धर्म परिवर्तन के लिए वास्तविक और स्वतंत्र सहमति नहीं दे सकती। ऐसे मामलों में नागरिकों की सुरक्षा का दावा करने वाले राज्य को इसी सिद्धांत के आधार पर काम करना चाहिए।

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

बीओपीएम ने जोर देकर कहा कि जब तक अल्पसंख्यक परिवार अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर डरे हुए हैं, तब तक पाकिस्तान खुद को सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित देश नहीं कह सकता। संगठन ने मांग की है कि हर मामले की जल्द और निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और ऐसा कानून बनाया जाए जो बच्चों को जबरन धर्म परिवर्तन तथा जबरन शादी से सुरक्षा प्रदान करे।

रिपोर्ट के अंत में संगठन ने कहा कि हर महीने की देरी का मतलब है कि और अधिक परिवार अपनी लापता बेटियों की तलाश में भटकते रहेंगे। अब पाकिस्तान सरकार को तय करना है कि वह इन लड़कियों की रक्षा करेगी या उन्हें यूं ही असुरक्षित छोड़ देगी।


Share This Article
Advertisement Carousel