India Textile IndustryIndia Textile Industry
Share This Article

नई दिल्ली, 28 नवंबर 2026। India Textile Industry : भारत के टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बांग्लादेश में श्रमिकों की अशांति और फैक्ट्रियों में उत्पादन प्रभावित होने के बीच वहां से कपड़ों के ऑर्डर दूसरे देशों की ओर शिफ्ट हो रहे हैं। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, 1 से 18 नवंबर 2026 के बीच बांग्लादेश से करीब 254 मिलियन डॉलर यानी लगभग 2,360 करोड़ रुपये के गारमेंट ऑर्डर डायवर्ट हुए हैं। CTI का दावा है कि इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा भारत को मिला है। संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इसे ‘मेक इन इंडिया’ की बड़ी उपलब्धि बताया है। RNS India

तिरुपुर, सूरत और लुधियाना के उद्योगों को मिल सकता है फायदा

CTI के अनुसार, दुनिया के बड़े फैशन ब्रांड अब बांग्लादेश के बजाय भारत सहित अन्य देशों में ऑर्डर दे रहे हैं। इनमें जारा, एचएंडएम, एमएंडएस और सेलियो जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड शामिल हैं।

इस बदलाव से तिरुपुर, सूरत, लुधियाना, दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, गुरुग्राम और बेंगलुरु के गारमेंट एक्सपोर्टरों को फायदा मिलने की उम्मीद है। संगठन का कहना है कि इससे छोटे और मझोले गारमेंट उद्योगों में नए रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। RNS India

बांग्लादेश में श्रमिक अशांति से प्रभावित हुआ उत्पादन

CTI के मुताबिक, बांग्लादेश में श्रमिकों की अशांति, हड़ताल और फैक्ट्रियों के बंद होने से 400 मिलियन डॉलर से अधिक का उत्पादन प्रभावित हुआ है। संगठन ने बताया कि वहां न्यूनतम मजदूरी 12,500 टका से बढ़कर 17,000 टका हो गई है, जिससे उत्पादन लागत पर असर पड़ा है।

CTI का दावा है कि भारत में गारमेंट की डिलीवरी में लगभग 60 से 90 दिन लगते हैं, जबकि बांग्लादेश में इसमें करीब 120 दिन लगते हैं। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय खरीदार भारत की ओर रुख कर रहे हैं। RNS India

टेक्सटाइल सेक्टर से करोड़ों लोगों को मिलता है रोजगार

CTI के अनुसार, भारत के टेक्सटाइल और अपैरल उद्योग में प्रत्यक्ष रूप से 4 करोड़ से अधिक लोग काम करते हैं। इनमें 50 प्रतिशत से ज्यादा महिलाएं हैं। संगठन का कहना है कि अप्रत्यक्ष रोजगार को जोड़ने पर इस क्षेत्र से करीब 9 करोड़ लोग जुड़े हुए हैं। इसके अलावा 36 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां भी इस सेक्टर का हिस्सा हैं।

CTI ने कहा कि 2,360 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर केवल व्यापारिक अवसर नहीं हैं, बल्कि इससे लाखों परिवारों की आजीविका को मजबूती मिल सकती है। RNS India

सरकार के सामने रखीं पांच प्रमुख मांगें

टेक्सटाइल उद्योग को इस अवसर का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए CTI ने केंद्र सरकार के सामने पांच मांगें रखी हैं।

  1. टेक्सटाइल निर्यातकों को राहत पैकेज दिया जाए, जिसमें सस्ती बिजली, सात दिन में GST रिफंड और ब्याज में छूट शामिल हो।
  2. टेक्सटाइल पार्क और गारमेंट क्लस्टर में 24 घंटे बिजली और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
  3. अमेरिका के साथ व्यापार समझौते में टेक्सटाइल उद्योग को 25 प्रतिशत टैरिफ से विशेष छूट दिलाने का प्रयास किया जाए।
  4. नए अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था बनाई जाए, ताकि फैक्ट्री लगाने के लिए जमीन और मंजूरी जल्दी मिल सके।
  5. सिलाई, कटिंग और डिजाइनिंग के क्षेत्र में एक लाख नए कुशल कारीगर तैयार करने के लिए प्रशिक्षण पर जोर दिया जाए। RNS India

2,360 करोड़ के ऑर्डर को 20 हजार करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि मौजूदा अवसर का लाभ उठाकर भारत अपने टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग को वैश्विक स्तर पर और मजबूत कर सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार और व्यापारिक संगठन मिलकर इन 2,360 करोड़ रुपये के ऑर्डर को भविष्य में 20 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने की दिशा में काम कर सकते हैं।

संगठन ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि टेक्सटाइल उद्योग को अतिरिक्त सुविधाएं और प्रोत्साहन मिलने से भारत दुनिया के प्रमुख गारमेंट एवं टेक्सटाइल हब के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर सकता है।


Share This Article
Advertisement Carousel