रायपुर 24 अक्टूबर 2025 / ETrendingIndia / Control rooms enable real-time monitoring and coordination of station-to-station status, requirement of additional trains: Railway Minister visits Railway War Room / रेलवे वार रूम निगरानी , केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के वार रूम का दौरा किया और त्योहारी सीज़न के दौरान यात्रियों की आवाजाही की समीक्षा की।
श्री वैष्णव ने कहा कि मंडल (Division), ज़ोन और रेलवे बोर्ड स्तरों पर वार रूम स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बोर्ड को सभी स्थानों से लाइव फीड प्राप्त होती है। उन्होंने आगे कहा कि प्रमुख स्टेशनों पर मिनी कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।
यह निगरानी प्रणाली हर स्टेशन की स्थिति, अतिरिक्त ट्रेनों की आवश्यकता और अन्य परिचालन ज़रूरतों के संबंध में पूरे देश में वास्तविक समय में समन्वय स्थापित करने में सक्षम बनाती है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर बनाए गए होल्डिंग और वेटिंग एरिया की वजह से यात्रियों के प्रवेश की प्रक्रिया अब अधिक सुव्यवस्थित हो गई है।
उन्होंने कहा कि त्योहारी भीड़ को संभालने के लिए लगभग 10,700 रिजर्व और 3,000 अनारक्षित ट्रेनें चलाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि कितनी विशेष ट्रेनों की आवश्यकता होगी, इसका निर्धारण पिछले दो वर्षों के डेटा विश्लेषण के आधार पर किया जाता है। इन आंकड़ों को एक मॉडल में फीड किया जाता है, जो हर गंतव्य की मांग का आकलन करता है।
श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यात्री वृद्धि का पहला उछाल (पीक) 17 से 20 अक्टूबर के बीच देखा गया, जिसमें 18 और 19 तारीख को सबसे अधिक भीड़ रही, जबकि दूसरा उछाल 22 से 24 अक्टूबर के बीच अपेक्षित है।
उन्होंने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बनाया गया स्थायी होल्डिंग एरिया यात्रियों के लिए अहम सुविधा प्रदान कर रहा है। इसकी क्षमता 7,000 से अधिक लोगों की है और यहां 150 पुरुषों के लिए तथा 150 महिलाओं के लिए शौचालय, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन, टिकट काउंटर और फ्री आरओ वाटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
रेलवे और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन का दौरा किया और त्योहारी सीज़न के दौरान भारतीय रेल द्वारा की गई विशेष व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
22 से 24 अक्टूबर के बीच यात्रियों की भीड़ में उछाल (पीक) या वृद्धि की आशंका को देखते हुए, रेलवे ने छठ पूजा से पहले सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के अपने प्रयासों को तेज कर दिया है।
नियमित ट्रेन सेवाओं के अलावा, छठ त्योहार की भीड़ को समायोजित करने के लिए अगले चार दिनों में 1,205 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
21 अक्टूबर 2025 को दिल्ली क्षेत्र के छह प्रमुख स्टेशनों-नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन, शकूरबस्ती और गाजियाबाद से 1,69,986 अनारक्षित यात्री रवाना हुए, जो पिछले वर्ष दिवाली के अगले दिन (1 नवंबर 2024) की तुलना में 5.62% अधिक है।
त्योहारी यात्रा को सहज बनाने के लिए रेलवे ने 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2025 के बीच 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया है। इनमें से 2,220 ट्रेनें बिहार के लिए चलाई जा रही हैं, ताकि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भारी आवाजाही को संभाला जा सके।
त्यौहार विशेष ट्रेनों के यात्रियों ने भी भारतीय रेलवे की उन्नत सुविधाओं की सराहना की।
