Share This Article

ETrendingIndia रायपुर / भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने ई-कॉमर्स कंपनियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों का उल्लंघन करने वाले घटिया उत्पादों पर शिकंजा कसा है। हाल ही में, दिल्ली स्थित अमेज़न सेलर्स प्राइवेट लिमिटेड और फ्लिपकार्ट की सहायक कंपनी इंस्टाकार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के गोदामों में छापेमारी की गई।

दिल्ली के मोहन कोऑपरेटिव औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अमेज़न के गोदाम भारतीय मानक ब्यूरो की कार्रवाई में 15 घंटे से अधिक चली छापेमारी के दौरान 3,500 से अधिक उत्पाद जब्त किए गए। इनमें बिना आईएसआई मार्क वाले गीजर, फूड मिक्सर और अन्य बिजली के उपकरण शामिल थे, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई। वहीं, फ्लिपकार्ट के त्रिनगर स्थित गोदाम में बिना आईएसआई मार्क और निर्माण की तारीख के 590 जोड़ी स्पोर्ट्स फुटवियर जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 6 लाख रुपये है।

पिछले एक महीने में BIS ने दिल्ली, गुड़गांव, फरीदाबाद, लखनऊ और श्रीपेरंबदूर समेत कई स्थानों पर इसी तरह की कार्रवाई की है। ये छापे उपभोक्ताओं को सुरक्षित और प्रमाणित उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए BIS के सख्त नियमों को लागू करने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। BIS अधिनियम, 2016 के तहत बिना वैध प्रमाणन के उत्पादों का निर्माण, बिक्री या भंडारण करना अवैध है। इस कानून का उल्लंघन करने पर कारावास, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।

BIS की यह कार्रवाई उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा और बाजार में मानकों का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।