Air India Saudi Arabia Flights CancelledAir India Saudi Arabia Flights Cancelled
Share This Article

रायपुर, 16 अक्टूबर 2026। Air India Saudi Arabia Flights Cancelled : सऊदी अरब में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए एअर इंडिया ने सऊदी अरब आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। रद्द की गई उड़ानों में रियाद, दम्माम और जेद्दा के लिए आने-जाने वाली सेवाएं शामिल हैं। इस फैसले से सऊदी अरब जाने और वहां से भारत लौटने की योजना बना रहे यात्रियों को परेशानी हो सकती है।

यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड

एअर इंडिया के मुताबिक, प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जा रहा है। एयरलाइन बदलती परिस्थितियों पर लगातार नजर रख रही है और सुरक्षित परिचालन दोबारा शुरू करने के लिए स्थिति का आकलन कर रही है। कंपनी ने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया है।

सऊदी अरब में हमलों के बीच लिया गया फैसला

दी गई जानकारी के अनुसार, सऊदी अरब में सुरक्षा संबंधी घटनाओं और हूती विद्रोहियों के बढ़ते हमलों की आशंका के बीच उड़ानें रद्द की गई हैं। हालांकि, उड़ानों की बहाली को लेकर अंतिम निर्णय सुरक्षा स्थिति के आकलन के बाद लिया जाएगा।

सऊदी अरब की यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति एअर इंडिया के आधिकारिक माध्यमों से जांच लें और टिकट में बदलाव या रिफंड से संबंधित जानकारी प्राप्त करें।

भारतीय राजदूत ने जारी किया वीडियो संदेश

इससे पहले सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि भारत इस कठिन समय में सऊदी अरब की जनता और नेतृत्व के साथ खड़ा है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

घायल भारतीयों की मदद के लिए दूतावास सक्रिय

राजदूत के अनुसार, हमले में मृत भारतीय नागरिक के परिवार से अधिकारी संपर्क में हैं। इसके अलावा घायल हुए 11 अन्य भारतीयों की सहायता के लिए अस्पताल प्रशासन और उनके परिवारों से बातचीत की जा रही है।

भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों से शांत और सतर्क रहने की अपील की है। नागरिकों को हवाई हमले की स्थिति में खुले स्थानों से दूर रहने और घर या किसी सुरक्षित इमारत के भीतर रहने की सलाह दी गई है।



Share This Article