Share This Article पाटण, 26 नवंबर 2026। Aircraft Landing : भारतीय सेना ने गुजरात में एक अनोखा सैन्य प्रदर्शन करते हुए नेशनल हाईवे को वैकल्पिक रनवे के रूप में इस्तेमाल करने की क्षमता का प्रदर्शन किया। पाटण जिले में बकुत्रा टोल प्लाजा के पास जामनगर-अमृतसर नेशनल हाईवे (भारतमाला रोड) पर 24 नवंबर को सेना के चार एयरक्राफ्ट की सफल लैंडिंग कराई गई। इस अभ्यास के जरिए दिखाया गया कि आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरत पड़ने पर हाईवे का इस्तेमाल विमानों की लैंडिंग और उड़ान के लिए किया जा सकता है। दो माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट और दो पावर्ड हैंग ग्लाइडर शामिल भारतीय सेना की माइक्रोलाइट फ्लाइंग और पावर्ड हैंग ग्लाइडिंग टीम ने इस अभियान के तहत चार एयरक्राफ्ट के साथ हाईवे पर लैंडिंग का प्रदर्शन किया। कर्नल बिरेंदर सिंह के अनुसार, अभियान में दो फिक्स्ड-विंग माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट और दो पावर्ड हैंग ग्लाइडर शामिल थे। उन्होंने बताया कि माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट का कुल वजन पायलट और ईंधन सहित लगभग 450 किलोग्राम से कम होता है। दोनों प्रकार के एयरक्राफ्ट अलग-अलग तकनीकी सिद्धांतों पर काम करते हैं। महू से शुरू हुआ अभियान, गुजरात के कई इलाकों से गुजरी टीम कर्नल बिरेंदर सिंह के मुताबिक, अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को मध्य प्रदेश के महू से हुई थी। इसके बाद टीम वडोदरा, केवड़िया और भावनगर होते हुए गुजरात के तटीय क्षेत्रों से गुजरी। अभियान में दीव, केशोद, जामनगर, पोरबंदर और मुंद्रा जैसे स्थान भी शामिल रहे। इसके बाद टीम भुज पहुंची और 24 नवंबर की सुबह वहां से उड़ान भरकर बकुत्रा के पास नेशनल हाईवे पर सफल लैंडिंग की। इससे पहले 21 नवंबर को टीम ने जामनगर से उड़ान भरकर गल्फ ऑफ कच्छ के ऊपर लगभग 48 किलोमीटर की समुद्री दूरी तय की और मुंद्रा में लैंडिंग की थी। कर्नल सिंह ने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि उनके अनुसार, देश में इस तरह की समुद्री क्रॉसिंग पहली बार हुई हो सकती है। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और धार्मिक स्थलों के ऊपर से भी भरी उड़ान अभियान के दौरान 15 नवंबर को टीम ने केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के ऊपर से उड़ान भरकर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके अलावा सोमनाथ मंदिर और द्वारकाधीश मंदिर के ऊपर से भी ओवरफ्लाइंग की गई। इस तरह अभियान में सैन्य अभ्यास के साथ देश के प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को भी शामिल किया गया। तीन उद्देश्यों के साथ चलाया गया अभियान लेफ्टिनेंट कर्नल बरेंद्र सिंह ने बताया कि इस अभियान के तीन प्रमुख उद्देश्य हैं। पहला, रेगिस्तान, कच्छ, तटीय और पहाड़ी क्षेत्रों जैसी अलग-अलग भौगोलिक परिस्थितियों में एयरक्राफ्ट की कार्यक्षमता का परीक्षण करना। दूसरा, देश में एडवेंचर एयरो स्पोर्ट्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना और तीसरा, भारतीय सेना की गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करना। उन्होंने अभियान के आयोजन में सहयोग के लिए स्थानीय तहसील प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) का आभार जताया। उनके अनुसार, भारत सरकार ने 2023 में नेशनल एयरो स्पोर्ट्स गाइडलाइन जारी की थी, जिसका उद्देश्य भारत को अंतरराष्ट्रीय एयरो स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना है। सेना का यह अभियान भी इसी दिशा में एक प्रयास है। इस पूरे अभियान में लेफ्टिनेंट कर्नल बरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कर्नल एम.एस. चावला सहित भारतीय सेना के अधिकारी, जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) और जवान शामिल हुए। Share This Article Post navigation किताबों में धुंधली छपाई पर NCERT सख्त, घटिया क्वालिटी मिली तो रद्द होगा ठेका और ब्लैकलिस्ट होंगे प्रिंटर्स अमेरिका से 1,700 भारतीय नागरिक निर्वासित, अवैध प्रवास पर भारत का सख्त रुख