Share This Article

रायपुर, 20 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / अभिनेता अनिल कपूर ने हाल ही में पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। इस खास मुलाकात की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। अनिल और मैक्रों के बीच आर्ट, कल्चर, सिनेमा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आर्किटेक्चर जैसे कई विषयों पर बातचीत हुई। अभिनेता ने इस मुलाकात को बेहद खास और यादगार बताया।

अनिल कपूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि जब उनकी पहली मुलाकात भारत में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से हुई थी, तब दोनों के बीच बातचीत इतनी सहज रही कि ऐसा लगा जैसे वे एक-दूसरे को वर्षों से जानते हों। अब पेरिस में दोबारा मुलाकात हुई तो उन्हें वही अपनापन और गर्मजोशी महसूस हुई।

अनिल ने तस्वीरों के साथ लिखा, ”जब मैं पहली बार भारत में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिला था, तब हमारी बातचीत इतने सहज तरीके से आगे बढ़ी कि ऐसा लगा जैसे हम एक-दूसरे को सालों से जानते हों। पेरिस में उनसे दोबारा मिलकर वही गर्मजोशी महसूस हुई। हमने कला, संस्कृति, सिनेमा, एआई, ऊर्जा और वास्तुकला जैसे विषयों पर बात की। साथ ही, उनके ऑफिस में नेपोलियन के समय की कुछ खूबसूरत ऐतिहासिक चीजें भी देखीं। इतिहास से मिलने वाली सीख से लेकर हमारे बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य तक, यह बातचीत मेरे लिए काफी ज्ञानवर्धक रही।”

उन्होंने आगे लिखा, ”मेरे प्यारे इमैनुएल, आपकी मेहमाननवाजी और प्यार के लिए शुक्रिया। आपने पेरिस में मेरे भतीजे और मुझे घर जैसा महसूस कराया। मुझे हमारी दोस्ती की खुशी है और भारत में आपका दोबारा स्वागत करने का इंतजार रहेगा।”


शेयर की गई तस्वीरों में अनिल कपूर ब्लैक कलर के सूट में नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वह राष्ट्रपति मैक्रों के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में दोनों गर्मजोशी से गले मिलते दिख रहे हैं। कुछ तस्वीरों में दोनों को बैठकर बातचीत करते हुए भी देखा जा सकता है।


Share This Article
Advertisement Carousel