Animal CrueltyAnimal Cruelty
Share This Article

दुर्ग, 7 नवंबर 2026। Animal Cruelty : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई थाना क्षेत्र में संरक्षित वन्यजीव कोबरा सांप के साथ कथित रूप से खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति द्वारा कोबरा सांप को हाथ में लेकर और मुंह के पास ले जाकर प्रदर्शन करने के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर स्थानीय निवासी टी. ध्रुवेन ने भिलाई थाने और वनमंडल दुर्ग में लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ कथित वीडियो और स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के रूप में सौंपे गए हैं।

WhatsApp स्टेटस पर वीडियो प्रसारित करने का आरोप

शिकायत के अनुसार, देवकर निवासी एक व्यक्ति अपने WhatsApp स्टेटस पर ऐसे वीडियो प्रसारित कर रहा है, जिनमें वह कोबरा सांप को हाथ में लेकर लोगों के सामने प्रदर्शन करता दिखाई देता है। आरोप है कि वीडियो में सांप को मुंह के बेहद करीब ले जाकर भी दिखाया गया है। शिकायतकर्ता ने इस तरह के प्रदर्शन पर आपत्ति जताते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित है कोबरा

शिकायतकर्ता का कहना है कि कोबरा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित वन्यजीव है। ऐसे वन्यजीव को पकड़ना, अपने पास रखना या उसके साथ खिलवाड़ करना कानून का उल्लंघन हो सकता है। इस तरह की गतिविधियों से वन्यजीवों की सुरक्षा प्रभावित होने के साथ संबंधित व्यक्ति की जान को भी गंभीर खतरा हो सकता है।

कई कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग

शिकायत में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39 और 51 के अलावा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 291 और 125 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन के साथ कथित वीडियो और उनके स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए हैं।

पुलिस और वन विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग

टी. ध्रुवेन ने पुलिस और वन विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने तथा वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की भूमिका की पुष्टि कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल शिकायत के आधार पर मामले में संबंधित विभागों की जांच और कार्रवाई को लेकर जानकारी सामने आनी बाकी है।


Share This Article
Advertisement Carousel