Arms Smuggling NetworkArms Smuggling Network
Share This Article

अमृतसर, 04 अक्टूबर 2026। Arms Smuggling Network : त्योहारों से पहले पंजाब की अमन-शांति को प्रभावित करने की कोशिश को अमृतसर रूरल पुलिस ने नाकाम करने का दावा किया है। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े एक नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान हथियारों की खेप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

AK-47 और हैंड ग्रेनेड बरामद

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अमृतसर रूरल पुलिस ने आरोपी के कब्जे से AK-47 राइफल, उसकी मैगजीन, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। हथियारों की इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।

तरनतारन का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बब्बा पुत्र भोला सिंह, निवासी चीमा खुर्द, थाना सराय अमानत खां, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आरोपी के विदेश में बैठे देश विरोधी तत्वों से संपर्क होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पूरे नेटवर्क और संपर्कों की जांच अभी जारी है।

पाकिस्तान से हथियार आने का दावा

पुलिस की शुरुआती जांच में दावा किया गया है कि बरामद हथियारों की खेप पाकिस्तान से सीमा पार कर भारत लाई गई थी। इस मामले में अमृतसर के घरिंडा थाना में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के जरिए पुलिस हथियारों की खेप से जुड़े आगे और पीछे के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि हथियार किसे सप्लाई किए जाने थे और इनके पीछे किसी बड़ी वारदात की योजना थी या नहीं। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। पंजाब पुलिस के अनुसार, राज्य की अमन-शांति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Share This Article