Asian Women’s Hockey Champions Trophy 2026Asian Women’s Hockey Champions Trophy 2026
Share This Article

भोपाल, 19 नवंबर 2026। Asian Women’s Hockey Champions Trophy 2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सहित देशभर में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण बना है। खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा राष्ट्रीय खेल हॉकी एक बार फिर अपने स्वर्णिम दौर में प्रवेश कर रहा है। भोपाल में पहली बार महिला हॉकी की अंतर्राष्ट्रीय एशियन चैंपियनशिप का आयोजन मध्यप्रदेश के लिए गौरव और उपलब्धि का विषय है। राजधानी भोपाल के बरखेड़ा नाथू में अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित में आयोजित एशियन विमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के शुभारंभ अवसर पर सभी टीमों और खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट में भारत सहित छह देशों की टीमें भाग ले रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में विभिन्न खेलों गतिविधियों के अधोसंरचना विकास और सुविधाओं के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप के शुभारंभ अवसर पर मीडिया से चर्चा में कहा कि मध्यप्रदेश के लिए खेल और खिलाड़ियों की दृष्टि से आज स्वर्णिम दिवस है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर भारत की टीम की स्पोर्ट्स जर्सी का विमोचन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व ओलंपियन हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान किया। उन्होंने उपस्थित दर्शकों और खेल प्रेमियों का अभिवादन किया। बरखेड़ा नाथू में स्टेडियम में महिला एशियन चैंपियनशिप का पहला मैच भारत और मलेशिया की महिला टीमों के बीच खेला गया। मेजबान भारत ने मलेशिया को 4-1 से हरा कर विजय अभियान का शुभारंभ कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दर्शकों और खेल पदाधिकारियों के साथ भारतीय टीम के खिलाड़ियों का हौसला अफजाई की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पहली बार आयोजित हो रही इंटरनेशनल एशियन चैंपियनशिप का शुभारंभ, विशेषकर खिलाड़ियों, हॉकी प्रेमियों और प्रदेशवासियों के लिए गौरव के क्षण हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टूर्नामेंट के पहले मुकाबले से पूर्व भारत और मलेशिया की महिला हॉकी टीम को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता के साथ इस अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। साथ ही, मध्यप्रदेश की अतिथि सत्कार की गौरवशाली परंपरा की सुखद अनुभूति प्राप्त करेंगे।

महिला एशियन चैंपियनशिप के शुभारंभ अवसर पर खेल और युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, खेल संगठनों के पदाधिकारी श्री दिग्विजय सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना, खेल विभाग के सचिव श्री संजीव सिंह, खेल संचालक श्री चंचल शेखर के अलावा पूर्व ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी श्री अशोक ध्यानचंद, श्री महबूब खान, श्री जलालुद्दीन रिजवी, श्री मोहम्मद यूसुफ, श्री मधु यादव, श्री समीर दाद, श्री विवेक सागर और एशियाई खेलों के पूर्व खिलाड़ी उपस्थित थे। हॉकी स्टेडियम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उत्साह के साथ मौजूद थे।


Share This Article
Advertisement Carousel