Atithi ShikshakAtithi Shikshak
Share This Article

रायपुर, 18 सितंबर 2026। Atithi Shikshak : छत्तीसगढ़ में अतिथि शिक्षकों के मानदेय को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। स्कूल शिक्षा विभाग के लोक शिक्षण संचालनालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत प्रदेश के 25 जिलों में कार्यरत 1535 अतिथि शिक्षकों के छह महीने के मानदेय भुगतान के लिए 18 करोड़ 42 लाख रुपये की राशि आवंटित की है। आदेश 18 सितंबर को जारी किया गया है।

20 हजार रुपये हर महीने मिलेगा मानदेय

जारी आदेश के अनुसार अतिथि शिक्षकों के लिए 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किया गया है। छह महीने के मानदेय के हिसाब से प्रत्येक शिक्षक के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि निर्धारित होती है। विभाग की ओर से जिलों को आवंटित राशि के आधार पर संबंधित अतिथि शिक्षकों के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

बस्तर संभाग के जिलों को मिला इतना बजट

आवंटन में बस्तर संभाग के सात जिलों के अतिथि शिक्षक भी शामिल हैं। बस्तर जिले में 133 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपये जारी किए गए हैं। कांकेर के 126 शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 51 लाख 20 हजार रुपये और कोंडागांव के 141 शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 69 लाख 20 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है।

दंतेवाड़ा के 31 अतिथि शिक्षकों के लिए 37 लाख 20 हजार रुपये, सुकमा के 48 शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपये, बीजापुर के 48 शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपये और नारायणपुर के 36 अतिथि शिक्षकों के लिए 43 लाख 20 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं।

इन जिलों के शिक्षकों के लिए भी जारी हुई राशि

प्रदेश के अन्य जिलों में भी अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए राशि जारी की गई है। बलरामपुर में 220 अतिथि शिक्षकों के लिए 2 करोड़ 64 लाख रुपये का सबसे बड़ा आवंटन किया गया है। सूरजपुर के 130 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 56 लाख रुपये और सरगुजा के 71 अतिथि शिक्षकों के लिए 85 लाख 20 हजार रुपये जारी किए गए हैं।

25 जिलों के 1535 शिक्षकों को मिलेगा लाभ

लोक शिक्षण संचालनालय के आदेश से प्रदेश के 25 जिलों में कार्यरत कुल 1535 अतिथि शिक्षक लाभान्वित होंगे। छह महीने के मानदेय के लिए जारी 18.42 करोड़ रुपये की राशि से संबंधित शिक्षकों के भुगतान का रास्ता साफ हुआ है। अब जिलों में आवंटित बजट के अनुसार मानदेय भुगतान की कार्रवाई की जाएगी।


Share This Article