रायपुर 24 जनवरी 2026/ ETrendingIndia / The gates of Badrinath Dham will open on April 23, marking the beginning of the annual pilgrimage/ बदरीनाथ धाम कपाट 2026 , उत्तराखंड के चारधामों में प्रमुख श्री बदरीनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 23 अप्रैल, गुरुवार को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) तथा धाम की परंपराओं के अनुसार, कपाट खुलने की प्रक्रिया सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगी।
कपाट खुलते ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु भगवान बद्रीनाथ के दर्शन कर सकेंगे। इसी दिन से लगभग छह माह तक चलने वाली बदरीनाथ धाम की वार्षिक यात्रा का औपचारिक शुभारंभ भी हो जाएगा। कपाट उद्घाटन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, भोग और धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।
परंपरा के तहत गाडू घड़ा यात्रा का आयोजन 7 अप्रैल से किया जाएगा। यह यात्रा राजमहल नरेंद्र नगर (टिहरी) से शुरू होकर विभिन्न पड़ावों से होते हुए बदरीनाथ धाम पहुंचेगी। गाडू घड़ा यात्रा के साथ ही बदरीनाथ धाम की तैयारियां अंतिम चरण में प्रवेश कर जाएंगी।
बीकेटीसी और प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, आवास, पेयजल, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
