रायपुर, 10 मार्च 2026 / ETrendingIndia / Smile : Bastar’s little Vikram writing a new story /बस्तर का नन्हा विक्रम , बस्तर जिले के सुदूर वनांचल में बसे तारागांव का 6 वर्षीय बालक विक्रम कश्यप आज अपनी खिलखिलाती मुस्कान से पूरे गांव में खुशियां बिखेर रहा है।
कभी जन्मजात कटे होंठ और तालु (क्लेफ्ट लिप एंड पैलेट) की समस्या से जूझने वाला विक्रम अब सामान्य बच्चों की तरह साफ बोलता और खुलकर हंसता है।
यह बदलाव शासन की चिरायु योजना और स्वास्थ्य विभाग की पहल से संभव हो पाया है।
जन्म से थी गंभीर समस्या
मजदूर परिवार में जन्मे विक्रम को जन्म से ही कटे होंठ और तालु की समस्या थी। इसके कारण उसे भोजन करने में कठिनाई होती थी और उसकी बोलचाल भी स्पष्ट नहीं थी। इस कारण वह अक्सर संकोच और हीन भावना से घिरा रहता था।
चिरायु दल की पहल बनी उम्मीद
एक दिन आंगनवाड़ी जांच के दौरान पहुंचे चिरायु दल ने विक्रम की समस्या पहचान ली। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उसके पिता नरसिंग कश्यप को उपचार के लिए प्रेरित किया और पूरी प्रक्रिया में सहयोग दिया।
रायपुर में हुआ सफल ऑपरेशन
स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में विक्रम को रायपुर के मेडिशाइन अस्पताल ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उसका सफल ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद विक्रम के होंठ और तालु को नया रूप मिल गया।
अब आत्मविश्वास से भरा है विक्रम
इलाज के बाद जब विक्रम अपने गांव लौटा तो उसका आत्मविश्वास देखने लायक था। अब वह साफ बोलता है, खुलकर हंसता है और घर के कामों में अपनी मां की मदद भी करता है।
परिवार ने जताया आभार
विक्रम के पिता नरसिंग कश्यप ने बताया कि शासन की चिरायु योजना उनके बेटे के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। परिवार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
