Bastar OlympicsBastar Olympics
Share This Article

रायपुर, 6 नवंबर 2026। Bastar Olympics : बस्तर संभाग में खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए आयोजित किए जा रहे तीसरे बस्तर ओलंपिक को इस बार ऐतिहासिक जनभागीदारी मिल रही है। प्रतियोगिता के लिए सात जिलों से कुल 6 लाख 492 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इसमें महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक है। कुल पंजीकृत खिलाड़ियों में 3 लाख 83 हजार 94 महिलाएं और 2 लाख 18 हजार 398 पुरुष शामिल हैं। यानी महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुषों से 1 लाख 63 हजार 696 अधिक है।

कांकेर में सबसे ज्यादा खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

बस्तर ओलंपिक के लिए 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक पंजीयन की प्रक्रिया चली। सात जिलों के आंकड़ों में कांकेर जिला 1 लाख 23 हजार 216 खिलाड़ियों के साथ सबसे आगे रहा। बस्तर जिले से 1 लाख 4 हजार 841, कोण्डागांव से 85 हजार 584, सुकमा से 80 हजार 313, दंतेवाड़ा से 80 हजार 175, नारायणपुर से 63 हजार 506 और बीजापुर से 62 हजार 857 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।

विकासखंड से संभाग स्तर तक होगा मुकाबला

प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित की जाएंगी। सबसे पहले विकासखंड स्तर पर मुकाबले होंगे। यहां से विजेता खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में पहुंचेंगे और जिला स्तर के विजेताओं को संभाग स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 4 से 6 नवंबर, जिला स्तरीय मुकाबले 16 से 25 नवंबर और संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित हैं। प्रत्येक जिले से 410 विजेता खिलाड़ी संभाग स्तरीय आयोजन में हिस्सा लेंगे। हॉकी और वेटलिफ्टिंग के मुकाबले सीधे जिला स्तर पर होंगे।

11 खेलों में प्रतिभा दिखाएंगे खिलाड़ी

बस्तर ओलंपिक में जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष के बालक-बालिकाएं शामिल होंगे, जबकि सीनियर वर्ग में महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए आयु सीमा निर्धारित नहीं है।

प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और रस्साकशी सहित 11 खेलों के मुकाबले होंगे।

दिव्यांग खिलाड़ियों और आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए विशेष व्यवस्था

आयोजन में नक्सल हिंसा के कारण दिव्यांग हुए खिलाड़ियों और आत्मसमर्पित नक्सलियों को भी भागीदारी का अवसर दिया गया है। इनके लिए विशेष व्यवस्था के तहत विकासखंड और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल हुए बिना सीधे संभाग स्तरीय आयोजन में हिस्सा लेने का प्रावधान किया गया है।

अरुण साव ने बस्तरवासियों के उत्साह की सराहना की

उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने रिकॉर्ड संख्या में पंजीयन को लेकर बस्तरवासियों के उत्साह की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पिछले दो आयोजनों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। बस्तर ओलंपिक के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी खेल प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने अभिभावकों, खेल प्रेमियों और नागरिकों से प्रतियोगिताओं के दौरान मैदानों में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।


Share This Article
Advertisement Carousel