Baheda of BemetaraBaheda of Bemetara
Share This Article

रायपुर, 18 नवंबर 2026/ ETrendingIndia / भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर)-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान–रबी 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत बहेड़ा, विकासखंड एवं जिला बेमेतरा में कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में 35 किसानों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियों, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के अनुरूप खेती की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में संस्थान की ओर से डॉ. एल. एल. खरबिकर एवं डॉ. पी. एन. शिवलिंगम, कृषि विज्ञान केंद्र, बेमेतरा से डॉ. रजनी अगासे तथा कृषि विभाग से डॉ. वी. के. टंडन उपस्थित रहे।

ग्राम पंचायत बहेड़ा की सरपंच श्रीमती संगीता साहू सहित श्री धनेश साहू एवं श्री हिराउकुमार जांगड़े ने भी सहभागिता की।

तकनीकी व्याख्यानों और कृषक-वैज्ञानिक संवाद के माध्यम से विशेषज्ञों ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने, उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा मृदा में जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।

किसानों को बताया गया कि मृदा की उर्वरता बनाए रखने और फसल उत्पादन प्रणाली को टिकाऊ बनाने में फसल चक्र की महत्वपूर्ण भूमिका है।

विशेषज्ञों ने जलवायु परिवर्तन और चरम मौसमी परिस्थितियों से उत्पन्न कृषि चुनौतियों पर भी चर्चा की। इस दौरान फसलों को प्रतिकूल मौसम एवं प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखने, आपदा की स्थिति में बेहतर तैयारी करने तथा मौसम के अनुरूप कृषि प्रबंधन अपनाने के व्यावहारिक उपाय बताए गए।

कृषक-वैज्ञानिक संवाद सत्र में किसानों ने अपनी कृषि संबंधी समस्याएं और जिज्ञासाएं विशेषज्ञों के समक्ष रखीं। वैज्ञानिकों ने उनके प्रश्नों का समाधान करते हुए स्थानीय कृषि एवं जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी सुझाव दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नवीन कृषि अनुसंधान एवं वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ना तथा रबी फसलों की सुरक्षा, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना था।


Share This Article
Advertisement Carousel