Bhilai Steel Plant: Major safety mission launched at Bhilai Steel Plant...! Focus now on 'Vision Zero'—zero accidents.
Bhilai Steel Plant
Share This Article

भिलाई, 10 जून 2026/ Bhilai Steel Plant: Major safety mission launched at Bhilai Steel Plant…! Focus now on ‘Vision Zero’…zero accidents.

Bhilai Steel Plant : भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में कार्यस्थल सुरक्षा को नई मजबूती देने और ‘Vision Zero’ यानी शून्य दुर्घटना लक्ष्य को हासिल करने के लिए मंगलवार को व्यापक सेफ्टी लीडरशिप कार्यक्रम ‘लेट्स बी सेफ’ की शुरुआत की गई।

लार्सन एंड टुब्रो एडुटेक द्वारा विकसित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति व्यक्तिगत जिम्मेदारी, व्यवहारगत जागरूकता और नेतृत्व आधारित सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कार्यपालक निदेशक (सेल सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन) रामकृष्ण, लार्सन एंड टुब्रो एडुटेक के हेड (एंटरप्राइज बिजनेस) मनोज देवपुरकर और मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) देबदत्त सतपथी मौजूद रहे। संयंत्र के विभिन्न विभागों से 31 प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

सुरक्षा सिर्फ नियम नहीं, जिम्मेदार निर्णय

कार्यपालक निदेशक श्री रामकृष्ण ने कहा कि कार्यस्थल सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं है, बल्कि हर कर्मचारी द्वारा प्रतिदिन लिया जाने वाला जिम्मेदार और सजग निर्णय है। उन्होंने कहा कि हर कर्मचारी के साथ उसका परिवार भी जुड़ा होता है, इसलिए सुरक्षा को संगठनात्मक संस्कृति का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है।उन्होंने ‘लेट्स बी सेफ’ कार्यक्रम को BSP की सुरक्षा प्रतिबद्धता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

सुरक्षा संस्कृति में बदलाव पर जोर

यह कार्यक्रम विशेष रूप से सेल के वरिष्ठ और मध्य-स्तरीय नेतृत्व वर्ग के लिए तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य पारंपरिक अनुपालन आधारित सुरक्षा सोच से आगे बढ़ते हुए व्यक्तिगत स्वामित्व, सक्रिय नेतृत्व और साझा जिम्मेदारी पर आधारित सुरक्षा संस्कृति विकसित करना है।

कार्यक्रम की रूपरेखा लार्सन एंड टुब्रो एडुटेक द्वारा संयंत्र प्रबंधन और हितधारकों के साथ चर्चा के बाद तैयार की गई है, जिसमें जोखिम पहचान, जोखिम न्यूनीकरण और व्यवहारगत सुरक्षा पर विशेष फोकस रखा गया है।

पांच मॉड्यूल में दी गई ट्रेनिंग

एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को पांच प्रमुख मॉड्यूल में विभाजित किया गया। इनमें नेतृत्व की भूमिका, सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली, व्यक्तिगत सुरक्षा प्रतिबद्धता, सुरक्षा अवलोकन और ‘Vision Zero’ की दिशा में संगठनात्मक यात्रा जैसे विषय शामिल रहे।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सुरक्षित व्यवहार विकसित करने और कार्यस्थल पर सुरक्षा नेतृत्व को मजबूत करने के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया।

‘आपको सुरक्षित रहना है’ से आगे ‘मैं सुरक्षा चुनता हूं’

कार्यक्रम का मुख्य संदेश सुरक्षा सोच में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसके तहत पारंपरिक अवधारणा ‘आपको सुरक्षित रहना है’ से आगे बढ़ते हुए ‘मैं सुरक्षा का चयन करता हूं’ जैसी आत्म-प्रेरित कार्य संस्कृति विकसित करने पर जोर दिया गया।

BSP प्रबंधन का मानना है कि यह पहल सुरक्षा को केवल नियामकीय आवश्यकता नहीं बल्कि व्यक्तिगत मूल्य और संगठनात्मक प्रतिबद्धता के रूप में स्थापित करेगी।

उल्लेखनीय है कि लार्सन एंड टुब्रो एडुटेक देश के प्रमुख औद्योगिक संगठनों के साथ मिलकर भविष्य उन्मुख और उच्च प्रदर्शन क्षमता वाले कार्यबल के विकास पर काम कर रही है।