कोरबा, 03 जुलाई 2026/ BJP Leader Assault Case: BJP leader attacked in Korba…! Beaten with an iron rod and robbed of ₹60,000; 4 accused arrested.
BJP Leader Assault Case : कोरबा पुलिस ने भाजपा नेता के साथ रास्ता रोककर मारपीट, कार में तोड़फोड़ और ₹60 हजार की लूट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत रजगामार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, नव निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने भाजपा नेता का रास्ता रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड, हाथ और मुक्कों से हमला किया। आरोपियों ने उनकी कार में तोड़फोड़ की और करीब ₹60 हजार नकद लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर बालको थाना अंतर्गत रजगामार चौकी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे की रॉड और लूटी गई नकदी भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मी नारायण खाण्डे (48), संदीप खाण्डे (22), गंगासागर खाण्डे (39) और अरुण खाण्डे (24) के रूप में हुई है। सभी रजगामार क्षेत्र के निवासी हैं। न्यायालय में पेश करने के बाद चारों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
