Share This Article नई दिल्ली, 11 सितंबर 2026/ BRICS Summit 2026: राजधानी दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। 13 और 14 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाले समिट से पहले आज से राजधानी में हाई सिक्योरिटी और ट्रैफिक डायवर्जन लागू हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच चुके हैं और तीन दिन के दौरे पर हैं। वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग करीब सात साल बाद भारत पहुंच रहे हैं। PM मोदी का संदेश, सकारात्मक चर्चा की उम्मीद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा कि आने वाले दिनों में दुनिया भर के नेता ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के लिए इकट्ठा होंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि यह सम्मेलन वैश्विक कल्याण की भावना के साथ अलग-अलग वैश्विक मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा का गवाह बनेगा। एक संस्कृत श्लोक के ज़रिए, पीएम मोदी ने अच्छे लोगों की संगति और उनके साथ बातचीत व दोस्ती के महत्व का संदेश भी दिया। इस श्लोक का सार यह है कि इंसान को अच्छे लोगों के साथ चलना चाहिए और उनकी संगति में रहना चाहिए; नेक लोगों से बातचीत करनी चाहिए और दोस्ती बढ़ानी चाहिए, जबकि बुरे लोगों से कोई भी संबंध नहीं रखना चाहिए। अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के नेता BRICS Summit के लिए जुटेंगे। पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की कामना के साथ विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी। सद्भिरेव सहासीत सद्भिः कुर्वीत सङ्गतिम्।सद्भिर्विवादं मैत्रीं च नासद्भिः किंचिदाचरेत्॥ pic.twitter.com/YG36WlpiYg— Narendra Modi (@narendramodi) September 11, 2026 15 हजार पुलिसकर्मी और 200 पैरामिलिट्री कंपनियां तैनात BRICS Summit की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के करीब 15 हजार जवान, पैरामिलिट्री की 200 कंपनियां और 500 से ज्यादा CCTV कैमरे तैनात किए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए करीब 4,800 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस के मुताबिक दिल्ली पूरी तरह बंद नहीं होगी, लेकिन VIP और VVIP काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ समय के लिए रास्तों पर यातायात रोका जा सकता है। 35 से ज्यादा सड़कों पर पड़ेगा असर BRICS Summit के चलते मथुरा रोड, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड और तीन मूर्ति मार्ग समेत 35 से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। खास तौर पर नोएडा से सेंट्रल दिल्ली और द्वारका से एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक प्रतिदिन करीब 70 से 80 हाई-सिक्योरिटी मूवमेंट होने की संभावना है। मेट्रो सामान्य, बस-ऑटो-टैक्सी चलेंगे ट्रैफिक प्रतिबंधों के बावजूद दिल्ली मेट्रो का संचालन सामान्य रहने की उम्मीद है। बस, ऑटो और टैक्सी भी चलते रहेंगे, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के कारण कुछ रूटों में बदलाव किया जा सकता है। UPSC और NDA परीक्षार्थियों तथा अस्पताल जाने वाले लोगों को घर से पर्याप्त समय पहले निकलने की सलाह दी गई है। मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में तत्काल ट्रैफिक पुलिस को सूचना देने को कहा गया है। पुतिन-मोदी की मुलाकात पर नजर रूस के राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच आज दोपहर मुलाकात प्रस्तावित है। बैठक में रक्षा, ऊर्जा और परमाणु सहयोग समेत द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान से भी मुलाकात करेंगे। वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार शाम प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच सीमा विवाद और व्यापार समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। कई देशों के नेता होंगे शामिल BRICS Summit में दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इंडोनेशिया, मलेशिया और इथियोपिया समेत कई देशों के नेता हिस्सा लेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी समिट में शामिल होंगे। समिट का समापन ‘न्यू दिल्ली डिक्लेरेशन’ के साथ होगा। कनॉट प्लेस खुला, कुछ पर्यटन स्थल बंद BRICS Summit के दौरान कनॉट प्लेस का बाजार खुला रहेगा, जबकि मेट्रो म्यूजियम और राष्ट्रपति भवन 13 सितंबर तक बंद रहेंगे Share This Article Post navigation BJP ने साधे सामाजिक समीकरण, सात मोर्चों में नई जिम्मेदारियां, जानिए किस नेता को मिली कौन सी कमान