रायपुर 11 जनवरी 2026/ ETrendingIndia / Strict checking of fire extinguishers and first aid in buses: Emphasis on passenger safety / बस यात्री सुरक्षा जांच , सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर में बसों की सघन जांच शुरू कर दी है। इस अभियान के तहत बसों में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन द्वार, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन खिड़की और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।
जांच के दौरान कई बसों में अग्निशमन यंत्र बंद पाए गए, कहीं आपातकालीन खिड़कियां काम नहीं कर रही थीं, तो कई वाहनों में आवश्यक दस्तावेज भी अधूरे मिले। तय मानकों में कमी मिलने पर बस संचालकों को चेतावनी देने के साथ ही जुर्माना भी लगाया जा रहा है। दोबारा खामी पाए जाने पर बस जब्ती और भारी जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। परिवहन विभाग के अनुसार अब तक 78 बसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 लाख 23 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता बेहद जरूरी है, क्योंकि दुर्घटना या आपात स्थिति में यही उपकरण यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। बस मालिकों और संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अग्निशमन यंत्रों की नियमित जांच, फर्स्ट एड सामग्री की उपलब्धता, आपातकालीन निकास की कार्यशीलता और वैध दस्तावेजों को सुनिश्चित करें। विभाग ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस तरह के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
