रायपुर, 23 जुलाई 2026/ CA Office Theft: Theft worth lakhs from a CA office in Raipur solved! A former employee hatched the plot with an accomplice; ₹7.80 lakh recovered.
CA Office Theft : राजधानी रायपुर के सी.ए. तारवानी एंड एसोसिएट्स कार्यालय में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में ऑफिस के पूर्व कर्मचारी और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹7.80 लाख नकद बरामद किए हैं। मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, कार्यालय में कैशियर के पद पर कार्यरत अपर्णा नायक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 जुलाई की रात अज्ञात चोर कार्यालय में घुसा, कटर से कैश काउंटर का ताला तोड़ा और नकदी लेकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से खुला राज
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइंस थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कर्मचारियों से पूछताछ और CCTV फुटेज की जांच के दौरान संदेह पूर्व कर्मचारी उमेश पोर्ते पर गया।
पुलिस ने उसे बिलासपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी लक्ष्मीनारायण ध्रुव के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी को कार्यालय में रखी नकदी की पूरी जानकारी थी, जिसका उसने फायदा उठाया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹7,80,000 नकद बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
