Share This Article नई दिल्ली, 4 नवंबर 2026। Canva Layoffs 2026 : डिजिटल डिजाइन प्लेटफॉर्म Canva ने अपने कर्मचारियों को लेकर बड़ा फैसला किया है। कंपनी ने वैश्विक स्तर पर अपने संगठन में बड़े बदलाव की घोषणा की है, जिससे करीब 1,271 कर्मचारी प्रभावित होंगे। यह संख्या कंपनी की कुल वर्कफोर्स का लगभग 22 प्रतिशत है। इस फैसले के तहत कुछ कर्मचारियों की नौकरी जाएगी, जबकि कुछ की भूमिकाओं में बदलाव किया जाएगा और कुछ को दूसरे केंद्रों में स्थानांतरित होने के लिए कहा जाएगा। कंपनी की CEO मेलनी पार्किंस ने कर्मचारियों को ईमेल के जरिए इस फैसले की जानकारी दी। हालांकि, कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों में से कितने लोगों की नौकरी वास्तव में जाएगी, इसका आंकड़ा स्पष्ट नहीं किया है। क्यों लिया Canva ने छंटनी का फैसला? Canva की CEO मेलनी पार्किंस ने अपने संदेश में कहा कि कंपनी को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव करने की आवश्यकता है। कंपनी की ग्रोथ में एक दशक के बाद पहली बार सुस्ती देखने को मिली है। ऐसे में Canva अपनी टीमों को नए तरीके से व्यवस्थित करने, प्रबंधन की परतें कम करने और कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने नई तकनीक और बदलते डिजिटल डिजाइन उद्योग को भी अपने भविष्य की रणनीति का अहम हिस्सा बताया है। हालांकि, CEO ने सीधे तौर पर AI को छंटनी का कारण नहीं बताया है। नौकरी जाने पर कर्मचारी अपने पास रख सकेंगे MacBook छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों के लिए Canva ने विशेष सहायता पैकेज तैयार किया है। कंपनी ने फैसला किया है कि नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारी अपने कंपनी की ओर से दिए गए MacBook को अपने पास रख सकेंगे। CEO के मुताबिक, कंपनी चाहती है कि कर्मचारियों के पास नौकरी छोड़ने के बाद भी काम जारी रखने के लिए जरूरी उपकरण मौजूद रहें। इससे वे नई नौकरी तलाशने या अपना काम शुरू करने में लैपटॉप का इस्तेमाल कर सकेंगे। 6 महीने की सैलरी और एक साल का LinkedIn Premium Canva प्रभावित कर्मचारियों को कम से कम छह महीने की सैलरी देगी। इसमें संबंधित देशों के कानूनी लाभ भी शामिल होंगे। इसके अलावा, जिन देशों में कंपनी हेल्थकेयर सुविधा उपलब्ध कराती है, वहां प्रभावित कर्मचारियों को 12 महीने तक स्वास्थ्य बीमा कवरेज जारी रखने का प्रावधान किया गया है। कर्मचारियों को एक साल का LinkedIn Premium सब्सक्रिप्शन भी मिलेगा। इसके जरिए वे नई नौकरी तलाशने, प्रोफेशनल नेटवर्क बढ़ाने और संभावित नियोक्ताओं से संपर्क करने में मदद ले सकेंगे। नई नौकरी खोजने में भी कंपनी करेगी मदद Canva ने नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों के लिए करियर सपोर्ट की भी व्यवस्था की है। कंपनी की टैलेंट एक्विजिशन टीम कर्मचारियों का रिज्यूमे तैयार करने और उसमें सुधार करने में मदद करेगी। इसके साथ ही इंटरव्यू की तैयारी, व्यक्तिगत करियर कोचिंग और संभावित रोजगार के अवसरों से जोड़ने की सुविधा भी दी जाएगी। कंपनी एक वैकल्पिक पूर्व कर्मचारी नेटवर्क भी तैयार करेगी, जिसे निवेशकों, साझेदारों और उद्योग जगत के संपर्कों के साथ साझा किया जा सकेगा। बिजनेस शुरू करने के लिए 10 हजार डॉलर की ग्रांट नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों को अपना कारोबार शुरू करने का अवसर देने के लिए Canva ने Collective Fund की घोषणा की है। इसके तहत इच्छुक कर्मचारियों को 10 हजार अमेरिकी डॉलर की ग्रांट दी जाएगी। भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब 8.9 लाख रुपये के बराबर है। इस फंड का इस्तेमाल नया बिजनेस शुरू करने या समुदाय के लिए उपयोगी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में किया जा सकेगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस आर्थिक सहायता के बदले वह कर्मचारियों के नए कारोबार में कोई हिस्सेदारी नहीं लेगी। 37 देशों में काम करते हैं 5,700 से अधिक कर्मचारी Canva का कारोबार दुनिया के 37 देशों में फैला हुआ है और कंपनी में 5,700 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। इसमें भारत भी शामिल है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि किस देश और किस विभाग से कितने कर्मचारी प्रभावित होंगे। इस पुनर्गठन के तहत सिडनी को अधिक प्रोडक्ट टीमों का प्रमुख केंद्र बनाने की योजना भी है। जनवरी 2027 से ज्यादातर हाइब्रिड कर्मचारियों को सप्ताह में दो से तीन दिन कार्यालय आने की व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। Share This Article Post navigation चीन में 110 रोबोट्स ने एक साथ किया डांस…! गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम