CG DA HikeCG DA Hike
Share This Article

रायपुर, 30 अक्टूबर। CG DA Hike : छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) को लेकर बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद राज्य शासन के वित्त विभाग ने महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। वित्त विभाग द्वारा जारी वित्त निर्देश 30/2026 के अनुसार, सातवें और छठवें वेतनमान के तहत कार्यरत कर्मचारियों के DA में अलग-अलग दरों से वृद्धि की गई है। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ 1 नवंबर 2026 से मिलेगा।

सातवें वेतनमान वालों का DA 60 प्रतिशत हुआ

वित्त विभाग के आदेश के मुताबिक, सातवें वेतनमान के तहत वेतन प्राप्त करने वाले शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इसके बाद कर्मचारियों का DA 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। इससे राज्य के नियमित कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई के बीच वेतन में अतिरिक्त राहत मिलेगी।

छठवें वेतनमान वालों को 5 प्रतिशत का फायदा

छठवें वेतनमान के तहत कार्यरत कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इस वृद्धि के बाद उनका DA 257 प्रतिशत से बढ़कर 262 प्रतिशत हो जाएगा। दोनों वेतनमानों के कर्मचारियों को संशोधित दरों के अनुसार महंगाई भत्ते का भुगतान किया जाएगा।

UGC और AICTE कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ

वित्त विभाग के निर्देश के अनुसार, DA में बढ़ोतरी का लाभ केवल नियमित शासकीय सेवकों तक सीमित नहीं रहेगा। यह आदेश UGC और AICTE के तहत आने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ कार्यभारित तथा आकस्मिकता निधि से वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारियों पर भी लागू होगा।

1 नवंबर 2026 से लागू होंगी नई दरें

वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि महंगाई भत्ते की संशोधित दरें 1 नवंबर 2026 से देय होंगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जारी इस आदेश से राज्य के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को राहत मिलेगी।


Share This Article