CG High CourtCG High Court
Share This Article

रायपुर, 19 सितंबर 2026। CG High Court : छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू को छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (SALSA) का नया कार्यपालक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार के विधि एवं विधायी कार्य विभाग ने 18 सितंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। राज्यपाल ने हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के परामर्श से न्यायमूर्ति साहू का मनोनयन किया है।

राज्यपाल ने किया मनोनयन, संभालेंगे SALSA की जिम्मेदारी

अधिसूचना के अनुसार, राज्यपाल ने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 की धारा 6(2)(ख) के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू को SALSA का कार्यपालक अध्यक्ष मनोनीत किया है। यह नियुक्ति हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के परामर्श के बाद की गई है।

धमतरी के जी. जामगांव में हुआ जन्म

न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू का जन्म 19 अप्रैल 1971 को धमतरी जिले के जी. जामगांव में हुआ। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा जबलपुर में पूरी की। इसके बाद रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर से बी.कॉम और एलएलबी की डिग्री हासिल की।

1996 में शुरू किया वकालत का सफर

जस्टिस साहू ने 12 मार्च 1996 को अधिवक्ता के रूप में पंजीयन कराया। उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. निर्मल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में वकालत शुरू की। अपने न्यायिक करियर से पहले उन्होंने दीवानी, आपराधिक, सेवा, श्रम, मोटर दुर्घटना दावा, रिट, संवैधानिक और मध्यस्थता से जुड़े मामलों में पैरवी की।

2018 में बने हाई कोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश

न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू को 18 जून 2018 को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इसके बाद 11 मई 2020 को उन्होंने हाई कोर्ट के स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। अब उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


Share This Article