CG Police ControversyCG Police Controversy
Share This Article

रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। CG Police Controversy : छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में शस्त्र पूजा के बाद सरकारी हथियार से फायरिंग को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा के बाद अब मोहला-मानपुर के पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह को भी पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने नोटिस जारी किया है। दशहरा के दिन शस्त्र पूजा के बाद वायपी सिंह का अपने बेटे के साथ सरकारी रायफल से फायरिंग करते हुए फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सप्ताहभर के भीतर पुलिस मुख्यालय की ओर से इस तरह की कार्रवाई का यह दूसरा मामला है। नोटिस जारी होने के बाद अब एसपी के जवाब पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।

बेटे के साथ सरकारी रायफल से फायरिंग का वीडियो वायरल

मोहला-मानपुर के एसपी वायपी सिंह की शस्त्र पूजा के बाद की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हुआ। वायरल तस्वीरों और वीडियो में उनके बेटे के हाथ में बंदूक दिखाई दे रही है। पिता के साथ बेटे को भी फायरिंग करते हुए दिखाया गया है। इस मामले को इसलिए गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि इसमें सरकारी रायफल के इस्तेमाल का आरोप है। हालांकि, पुलिस महकमे के एक वर्ग का दावा है कि बेटे की फायरिंग वाला वीडियो पिछले साल का है। इसके बावजूद सरकारी हथियार के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

विधायक की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद बढ़ा मामला

इस मामले को लेकर मोहला-मानपुर के विधायक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने पिता-पुत्र द्वारा सरकारी रायफल चलाए जाने को लेकर तंज कसा। मामला चर्चा में आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने एसपी वायपी सिंह को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

अंकिता शर्मा के बाद दूसरा मामला, PHQ ने जारी किया नोटिस

इससे पहले राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा भी शस्त्र पूजा के बाद एके-47 से लाइव फायरिंग करने के मामले में विवादों में आई थीं। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर देशभर में चर्चा का विषय बना था। एक रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल ने भी इस पर आपत्ति जताते हुए इसे बेहद खतरनाक बताया था। इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने अंकिता शर्मा को नोटिस जारी किया था। अब वायपी सिंह को नोटिस जारी होने से छत्तीसगढ़ पुलिस में शस्त्र पूजा के दौरान सरकारी हथियारों के इस्तेमाल का मामला फिर सुर्खियों में है।

जवाब के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने वायपी सिंह को नोटिस जारी किए जाने की पुष्टि की है। अधिकारी के मुताबिक, एसपी का जवाब मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस बार पुलिस मुख्यालय ने नोटिस जारी होने के बाद मीडिया में तत्काल बयानबाजी से भी परहेज किया है। पिछले मामले में आईजी के बयान के बाद सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ था।

कौन हैं IPS अधिकारी वायपी सिंह?

वायपी सिंह पहले सीमा सुरक्षा बल (BSF) में अधिकारी थे। नक्सल गतिविधियों के चरम दौर में राजनांदगांव क्षेत्र में बीएसएफ की एक बटालियन तैनात थी। इसी दौरान उनकी पोस्टिंग राजनांदगांव में हुई थी। कुछ वर्षों बाद राज्य सरकार ने उनकी सेवाएं बीएसएफ से लेकर उन्हें राज्य पुलिस सेवा में शामिल किया। राज्य पुलिस सेवा में आने के बाद उन्हें आईपीएस अवार्ड हुआ। आईपीएस बनने से पहले भी वह लंबे समय तक मोहला-मानपुर क्षेत्र में पदस्थ रहे थे। वर्तमान में वह मोहला-मानपुर जिले के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।


Share This Article
Advertisement Carousel