CG Rajyotsav 2026CG Rajyotsav 2026
Share This Article

रायपुर, 01 नवंबर 2026। CG Rajyotsav 2026 : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में प्रदेश की 36 विभूतियों और संस्थाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। जारी पुरस्कार सूची में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय, अभिनेता करन खान, लोक कलाकार, साहित्यकार, खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संस्थाओं के नाम शामिल हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वाली इन प्रतिभाओं को सम्मानित कर राज्य की कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को पहचान दी जाएगी।

पत्रकारिता और साहित्य जगत की हस्तियों को सम्मान

पत्रकारिता के क्षेत्र में हिंदी प्रिंट मीडिया के लिए चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रमोद कुमार साहू को दिया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (हिंदी) में वरुण सखाजी और रश्मिका पांडेय को सम्मानित किया जाएगा। अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के लिए मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार शिशिर रॉय चौधरी को मिलेगा।

रचनात्मक हिंदी लेखन के लिए पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को प्रदान किया जाएगा। हिंदी साहित्य के लिए पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान डॉ. विहंगालाल साहू और आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के लिए लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्गा प्रसाद पारकर को दिया जाएगा।

लोककला, संगीत और सिनेमा के कलाकारों का चयन

छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कई कलाकारों को भी पुरस्कार सूची में जगह मिली है। सिनेमा लेखन एवं अभिनय के लिए किशोर साहू सम्मान सैयद ताहिर अली (करन खान) को मिलेगा। सिनेमा निर्देशन के लिए किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण मोहन सुंदरानी को प्रदान किया जाएगा।

पंडवानी कला के लिए डॉ. तीजन बाई सम्मान चेतन लाल देवांगन को दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए साधना यादव, पंथी नृत्य के लिए सी.एल. रात्रे और छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए चंद्रभूषण वर्मा को सम्मानित किया जाएगा। कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में डॉ. पूरनसत्त चंदाकर और लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए रेखा जलक्षत्री का चयन किया गया है।

खेल, कृषि और सामाजिक सेवा में योगदान को पहचान

खेल के क्षेत्र में गुण्डाधूर सम्मान संजू देवी और महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान टोमन कुमार को दिया जाएगा। कृषि के क्षेत्र में डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार पुनीदास भट्ट को मिलेगा। मत्स्य पालन के लिए श्रीमती बिलासा देवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार प्रदीप कुमार सोनी को प्रदान किया जाएगा।

सामाजिक सेवा और उत्थान के क्षेत्र में दुमन लाल ध्रुव, सुखदेव भास्कर, बाबूलाल अग्रवाल और दीपाली सरावगी सहित कई नाम शामिल हैं। महिला उत्थान के लिए मिनीमाता सम्मान लोक आस्था सेवा संस्थान को तथा महिलाओं के उत्थान एवं नशा निवारण के लिए माता बहादुर कलारिन सम्मान बुलबुल वैद्य को दिया जाएगा।

चिकित्सा, श्रम और विधि क्षेत्र के पुरस्कार

आयुर्वेद चिकित्सा के लिए धन्वंतरि सम्मान डॉ. दिनेश कुमार नाग को मिलेगा। आदिवासी सेवा के लिए सत्य साई संजीवनी अस्पताल को डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान प्रदान किया जाएगा। श्रम क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की कुकुरदीह इकाई को स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार मिलेगा।

अपराध अनुसंधान के लिए उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान और विधि के क्षेत्र में कौस्तुभ शुक्ला एवं हेमंत कुमार मिश्र को संयुक्त रूप से बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान दिया जाएगा। संस्कृत भाषा के लिए डॉ. बहुरन सिंह पटेल को सम्मानित किया जाएगा।

ग्रामीण पर्यटन और संस्थाओं को भी मिलेगा पुरस्कार

ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में कबीरधाम के सत्येंद्र कुमार उपाध्याय को चेंदूरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सहकारिता के क्षेत्र में बस्तर के चित्रकोट स्थित प्राथमिक कुकड़क मछुआ सहकारी समिति और सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक क्षेत्र में बिलासपुर के तेजराम सेवा प्रतिष्ठान को सम्मानित किया जाएगा।

अहिंसा एवं गौरक्षा के लिए विश्व गीता धाम गोविन्द पक्षी सेवा धाम तथा सामाजिक चेतना एवं उत्थान के लिए विभिन्न व्यक्तियों और संस्थाओं का चयन किया गया है। राज्योत्सव में इन 36 विभूतियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाना प्रदेश की प्रतिभाओं और योगदानकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर होगा।


Share This Article
Advertisement Carousel