Share This Article रायपुर, 13 अगस्त 2026/ CG Teacher Promotion : छत्तीसगढ़ के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव को पत्र सौंपकर महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। फेडरेशन ने पदोन्नति में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता समाप्त कर वरिष्ठता के आधार पर लंबित पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की है। पदोन्नति में TET अनिवार्यता पर उठाए सवाल फेडरेशन का कहना है कि प्रचलित शिक्षक भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में पदोन्नति के लिए TET को स्पष्ट रूप से अनिवार्य पात्रता के रूप में निर्धारित नहीं किया गया है। ऐसे में केवल विभागीय बैठक के निर्णय के आधार पर पदोन्नति में अतिरिक्त शर्त जोड़ना नियमों की भावना के विपरीत होगा। वरिष्ठता प्रभावित होने की आशंका फेडरेशन ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों की पदोन्नति केवल TET उत्तीर्ण नहीं होने के आधार पर रोकना उचित नहीं होगा। इससे उनकी वरिष्ठता और पदोन्नति के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं और भविष्य में न्यायालयीन विवाद की स्थिति भी बन सकती है। 2028 तक TET की समय-सीमा का दिया हवाला पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि शिक्षकों को TET उत्तीर्ण करने के लिए वर्ष 2028 तक का समय दिया गया है, तो उन्हें इस अवधि में परीक्षा पास करने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। फेडरेशन के मुताबिक TET के नाम पर वर्तमान में लंबित पदोन्नति प्रक्रिया रोकना या वरिष्ठ शिक्षकों को पदोन्नति से वंचित करना न्यायसंगत नहीं है। वरिष्ठता सूची के आधार पर तत्काल पदोन्नति की मांग फेडरेशन ने मांग की है कि उपलब्ध रिक्त पदों पर विभाग द्वारा तैयार वरिष्ठता सूची के आधार पर पात्र शिक्षकों की पदोन्नति तत्काल की जाए। साथ ही पदोन्नति प्रक्रिया में आरक्षण संबंधी प्रावधानों का नियमानुसार पालन किया जाए। विभागीय TET कराने की मांग फेडरेशन ने उन शिक्षकों को TET उत्तीर्ण करने के लिए पर्याप्त अवसर देने की मांग की है, जिनके लिए यह आवश्यक माना जा रहा है। इसके लिए लोक शिक्षण संचालनालय के माध्यम से विभागीय TET परीक्षा शीघ्र आयोजित कराने का सुझाव दिया गया है, ताकि शिक्षक निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी पात्रता पूरी कर सकें। Share This Article Post navigation Google Boy रुद्र शर्मा का अनोखा बर्थडे सेलिब्रेशन…! पौधे लगाए और बच्चों को दिए Digital Detox के टिप्स Chhattisgarh Police Medal : 15 अगस्त को CM साय करेंगे सम्मान…! पुलिस के 12 अधिकारी-कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक