Cheetah Chaupal: Project Cheetah marks 4 years; ‘Cheetah Chaupal’ held at Van Vihar, 90 students participated.Cheetah Chaupal
Share This Article

भोपाल, 17 सितंबर 2026। Cheetah Chaupal : मध्यप्रदेश में चीतों के पुनर्स्थापन के चार वर्ष पूरे होने पर गुरुवार को भोपाल के वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में ‘चीता चौपाल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को चीता संरक्षण, पुनर्स्थापन की यात्रा और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

चीतों के संरक्षण और प्रबंधन की दी जानकारी

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव वन राघवेन्द्र कुमार सिंह वर्चुअली शामिल हुए। उन्होंने पिछले चार वर्षों में चीतों के संरक्षण, प्रजनन और उनके रहवास से जुड़ी जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की। चीतों के भविष्य के लिए किए जा रहे प्रबंधन और संरक्षण प्रयासों को लेकर भी युवाओं से संवाद किया गया।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन और प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्य-जीव अभिरक्षक डॉ. समिता राजोरा ने विद्यार्थियों को चीता पुनर्वास, संरक्षण, प्राकृतिक आवास और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

कूनो से वर्चुअली जुड़े अधिकारी

चीता चौपाल के दौरान कूनो राष्ट्रीय उद्यान के क्षेत्र संचालक उत्तम शर्मा भी वर्चुअली जुड़े। उन्होंने प्रोजेक्ट चीता के पिछले चार वर्षों में किए गए प्रबंधन और संरक्षण कार्यों के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। कार्यक्रम स्थल पर कूनो राष्ट्रीय उद्यान की ओर से चीतों पर केंद्रित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई।

90 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए स्टोन पेंटिंग और वुडन टाइल पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भोपाल के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से करीब 90 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में वन्यजीवों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और चीता पुनर्वास एवं संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन और मुख्य वन्य-जीव अभिरक्षक डॉ. समिता राजोरा ने पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।


Share This Article