Chhattisgarh ArtisansChhattisgarh Artisans
Share This Article

कोंडागांव, 13 नवंबर 2026। Chhattisgarh Artisans : छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल की पारंपरिक शिल्पकला को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिलने जा रही है। कोंडागांव जिले के ग्राम किकिरदापारा के 38 शिल्पकारों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से विशेष मुलाकात का आमंत्रण मिला है। यह मुलाकात 16 नवंबर को सुबह 11:30 बजे आयोजित होगी। इस अवसर पर कलाकार अपनी पारंपरिक कला, हुनर और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपरा के अनुभव साझा करेंगे।

16 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में विशेष मुलाकात

राष्ट्रपति भवन में होने वाले इस आयोजन को लेकर कोंडागांव के शिल्पकारों में उत्साह है। 38 हस्तशिल्पियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। शिल्पकारों के लिए यह उपलब्धि उनकी कला और वर्षों की मेहनत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का खास मौका है।

दिल्ली प्रवास के लिए विशेष व्यवस्थाएं

शिल्पकारों के दिल्ली प्रवास को सुविधाजनक बनाने के लिए भोजन, ठहरने और स्थानीय आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से इस संबंध में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन की तैयारी में राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान, अहमदाबाद का भी सहयोग लिया जा रहा है।

शिल्पकार तिजूराम विश्वकर्मा ने इस आमंत्रण को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का अवसर बताया। वहीं, सागर विश्वकर्मा ने अपनी कलाकृति के चयन और राष्ट्रपति भवन से बुलावा मिलने पर खुशी जताई। शिल्पकार राजमनी ने कहा कि राष्ट्रपति महोदया से पहली बार मिलने का अवसर उनके जीवन का यादगार पल होगा।

बेलमेटल और लौह शिल्प से बनी कोंडागांव की पहचान

कोंडागांव की बेलमेटल और लौह शिल्पकला बस्तर की आदिवासी संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक जीवनशैली को दर्शाती है। यहां के कलाकार धातु को आकार देकर देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों और जनजातीय जीवन से जुड़ी कलाकृतियां तैयार करते हैं। अपनी विशिष्ट कारीगरी के कारण इन शिल्पकारों ने देश के साथ विदेशों में भी पहचान बनाई है।

छत्तीसगढ़ के 51 शिल्पकार होंगे शामिल

इस विशेष आयोजन में कोंडागांव के 38 कलाकारों सहित पूरे छत्तीसगढ़ के कुल 51 शिल्पकार शामिल होंगे। 16 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से होने वाली मुलाकात बस्तर की पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर बनेगी। यह सम्मान केवल कलाकारों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही उनकी मेहनत और हुनर की पहचान भी है।


Share This Article
Advertisement Carousel