रायपुर, 06 जनवरी 2026/ ETrendingIndia / Higher Education Minister’s press conference: Budget increased by 50 percent, more than 150 new courses launched, concrete action plan prepared under Chhattisgarh Higher Education Mission / छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा बजट , छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा विभाग ने बीते वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। विभाग का बजट वर्ष 2023-24 के 1212.75 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 1822.75 करोड़ रुपये हो गया है, जो लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 का सत्र 2024-25 से प्रदेश के 9 में से 7 राजकीय विश्वविद्यालयों में क्रियान्वयन किया गया है। इसके तहत रिकॉल, जेनेरिक इलेक्टिव एवं एबिलिटी एन्हांसमेंट सहित कुल 150 से अधिक नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, साथ ही भारतीय ज्ञान परंपरा को भी पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है।
वर्ष 2025 में 366 सहायक प्राध्यापकों को प्राध्यापक पद पर पदोन्नति दी गई, वहीं 158 प्राचार्यों को भी उच्च पदों पर पदोन्नत किया गया। शासकीय महाविद्यालयों में सैकड़ों शिक्षकीय व गैर-शिक्षकीय पदों पर सीधी भर्ती और वेतनमान उन्नयन की प्रक्रिया जारी है।
गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रदेश के 200 महाविद्यालयों और 5 विश्वविद्यालयों का नैक मूल्यांकन पूर्ण हो चुका है। पीएम-उषा योजना के अंतर्गत विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों को सैकड़ों करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत किया गया है।
सकल नामांकन अनुपात बढ़ाने, कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहन देने के साथ ही आगामी तीन वर्षों के लिए छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा मिशन के तहत ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है। इससे प्रदेश में उच्च शिक्षा को रोजगारोन्मुखी, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक बनाने की दिशा में नया आयाम मिलेगा।
