CM Yogi AdityanathCM Yogi Adityanath
Share This Article

लखनऊ, 26 नवंबर 2026। CM Yogi Adityanath : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पारंपरिक भगवा वस्त्रों और सनातन धर्म को लेकर उठने वाले सवालों पर दोटूक जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को उनके वस्त्रों से चिढ़ होती है तो होने दीजिए, उन्हें इसकी ज्यादा चिंता नहीं है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि वे किसी की नाराजगी के कारण अपने पारंपरिक वस्त्र नहीं बदलेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने सनातन धर्म, देश और हिंदू होने पर गर्व है।

भगवा वस्त्रों पर आलोचना का दिया जवाब

इंटरनेशनल मीडिया के एक वर्ग द्वारा उन्हें कट्टर हिंदूवादी नेता के रूप में पेश किए जाने से जुड़े सवाल पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया उनके बारे में क्या सोचती है, इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि यदि कोई उनसे अपनी धार्मिक पहचान और परंपरा छोड़ने के बदले समर्थन देने की बात करता है, तो उन्हें ऐसा समर्थन नहीं चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जापान, ब्रिटेन और रूस सहित कई देशों में अपने पारंपरिक भगवा वस्त्र पहनकर गए हैं। उन्हें भारत की संन्यास परंपरा से जुड़े होने पर गर्व है, जिसमें देश और धर्म के लिए त्याग और बलिदान की भावना रही है।

युवाओं के दम पर आत्मनिर्भर बनेगा उत्तर प्रदेश

योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश भी अपने युवाओं की ताकत के दम पर आत्मनिर्भर और विकसित बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और आधुनिक तकनीक से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट आगे बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे लॉजिस्टिक सेंटर का उल्लेख किया और बताया कि वहां एक अमेरिकी कंपनी 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एआई के लिए जरूरी डेटा सेंटर क्लस्टर और सेमीकंडक्टर यूनिट भी स्थापित की जा रही हैं।

लखनऊ बनेगा AI सिटी, ड्रोन और रोबोटिक्स पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि लखनऊ को एआई सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ड्रोन टेक्नोलॉजी हब, रोबोटिक्स सेंटर और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम आगे बढ़ रहा है।

योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, प्रदेश ने रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और पहचान को नई मजबूती मिलेगी।

2027 चुनाव में टिकट कटने के सवाल पर बोले- हमारा काम जोड़ने का है

वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा विधायकों के टिकट काटे जाने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने एनडीए विधायकों के कामकाज की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में एनडीए के विधायकों ने जितना काम किया है, उससे पहले किसी विधायक ने इतना काम नहीं किया।

टिकट काटने की संभावना पर उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कई तरह की चर्चाएं होती हैं, लेकिन उनका काम काटने का नहीं, बल्कि जोड़ने का है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।


Share This Article
Advertisement Carousel